पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

नसबंदी कांड, प्रभावित बच्चों से मिलेंगे कलेक्टर

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
कलेक्टर अन्बलगन पी ने नसबंदी ऑपरेशन के बाद मृत महिलाओं के बच्चों से मिलने की इच्छा जताई है। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावित बच्चों के अच्छे भविष्य के लिए सामूहिक जिम्मेदारी से काम करने और उनके स्वास्थ्य, शिक्षा व पोषण की देखभाल पर विशेष ध्यान देने कहा।

प्रभावित बच्चों के लिए गठित जिला स्तरीय शिशु संरक्षण समिति की बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नसबंदी से मृत महिलाओं के 40 बच्चे जब तक बड़े न हो जाएं, उनके स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य जरूरतों के लिए संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा। उन्होंने खुद उन बच्चों से मिलने की इच्छा जताई। साथ ही उन इलाकों के बीएमओ को हर माह बच्चों का मेडिकल चेकअप करने, सीडीपीओ व सुपरवाइजरों को इन बच्चों का बालमित्र बनकर काम करने कहा। बच्चों की देखरेख में किसी भी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए। तखतपुर के सीडीपीओ ने बताया कि ग्राम डिघोरा की नसबंदी से मृत महिला का 10 साल का बेटा नीलकमल 4थीं में पढ़ता है। वह पढ़ाई में बहुत तेज है। कलेक्टर ने उसे अगले सत्र में शहर के अच्छे स्कूल में दाखिला दिलाने और अन्य बच्चों की भी अच्छी शिक्षा के लिए पूरी मदद करने की बात कही। सीएमएचओ डॉ. सूर्यप्रकाश सक्सेना ने इन बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा व पोषण की जानकारी देते हुए बताया कि 40 बच्चों में से 21 आंगनबाड़ी जाते हैं और शेष विभिन्न स्कूलों में पढ़ रहे हैं। कलेक्टर ने बिल्हा, मस्तूरी, तखतपुर व गौरेला के एसडीएम को भी निर्देश दिया कि वे हर माह भ्रमण कर अपने स्तर पर भी इन बच्चों को देखें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ जेपी मौर्य, अतिरिक्त कलेक्टर केडी कुंजाम, एसडीएम क्यूए खान, राजेंद्र गुप्ता, सिविल सर्जन डॉ. मधुलिका सिंह ठाकुर, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास गायत्री नेताम, सहायक श्रमायुक्त अनिता गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद प्रकाश किसपोट्टा, बीएमओ व सीडीपीओ मौजूद थे।

जिला स्तरीय शिशु संरक्षण समिति की टीम से चर्चा करते कलेक्टर अन्बलगन पी।

99 फीसदी को मुआवजा देने का दावा
सीएमएचओ डॉ. सक्सेना ने नान एलटीटी सिप्रोसिन से प्रभावित 99 फीसदी मरीजों को मुआवजा देने का दावा किया। दवा से प्रभावित 37 लोगों में से 5 लोगों की मृत्यु हुई थी। जिनके परिजनों को 4-4 लाख रुपए मुआवजा दिया जाना है। 4 के परिजनों को राशि दे चुके हैं। पांचवें मृतक अंजोरी राम सूर्यवंशी ग्राम पेंडारी के सत्यापन के बाद दिया जाएगा। अन्य प्रभावित मरीजों को 50-50 हजार रुपए मिलेंगे। जानकी बाई पटेल नयापारा कोटा, तिलस्मी बाई कोसमडीह मस्तूरी व हेमलता पटेल चकरीपारा तखतपुर को सत्यापन के बाद मुआवजा देंगे। कलेक्टर ने एसडीएम को सत्यापन करने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...