मुख्य परीक्षा में इस साल 11 हजार बढ़े परीक्षार्थी
एजुकेशन रिपोर्टर | बिलासपुर
कॉलेजों की मुख्य परीक्षाएं 10 मार्च से शुरू हो रही हैं। इस बार पिछले साल की तुलना में करीब 11 हजार परीक्षार्थी बढ़ गए हैं। इसे ध्यान में रखते हुए बिलासपुर यूनिवर्सिटी ने परीक्षा केंद्रों की संख्या भी अधिक बढ़ा दी है। इस बार मुख्य परीक्षाओं के लिए 83 परीक्षा केंद्र हैं। यूनिवर्सिटी ने तीन नए परीक्षा केंद्र बनाए हैं। जांजगीर-चांपा जिले के 12 परीक्षा केद्रों को संवेदनशील माना गया है।
इस बार मुख्य परीक्षा में नियमित और स्वाध्यायी मिलाकर कुल 1.61 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसमें नियमित के लिए 71871 और स्वाध्यायी के तौर पर 89340 परीक्षार्थी शामिल होंगे। मुख्य परीक्षा में हर साल दस हजार से अधिक परीक्षार्थी बढ़ रहे हैं। इनमें से ज्यादा संख्या प्राइवेट परीक्षार्थियों की है। बढ़ती संख्या के कारण ही हर बार परीक्षा में व्यवस्था बनाने के लिए यूनिवर्सिटी को अतिरिक्त एक्सरसाइज करनी पड़ रही है। इस बार भी यूनिवर्सिटी ने अतिरिक्त व्यवस्था करते हुए तीन नए परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इन तीन नए परीक्षा केंद्रों में गवर्नमेंट कॉलेज पामगढ़, सीएसआर पीपरतराई और शासकीय वाणिज्य कॉलेज बलौदा शामिल हैं। एडमिट कार्ड भी आॅनलाइन कर चुका है, ताकि मैनुअल में परेशानी आने पर परीक्षार्थी आॅनलाइन एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सके। अभी कॉलेजों में वर्तमान में प्रैक्टिकल एग्जाम चल रहा है। इसे हर हाल में 28 फरवरी तक निपटाने को कहा गया है।
आंकड़े मुख्य परीक्षा के
कुल कॉलेज 164
मुख्य परीक्षा शुरू 10 मार्च से
परीक्षा संचालन तीन पालियों में
कुल परीक्षार्थी 1,61,211
रेगुलर परीक्षार्थी 71871
प्राइवेट परीक्षार्थी 89340
परीक्षा केंद्र 83
परीक्षा के लिए पूरी तैयारी
मुख्य परीक्षाओं के लिए हमारी तैयारी पूरी हो गई है। मौजूदा कमियों को दूर करने की कोशिश की जा रही है। एडमिट कार्ड आॅनलाइन किए जा चुके हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों में पर्याप्त सुविधा रखने को कहा गया है।’’ डॉ. अरुण सिंह, रजिस्ट्रार बिलासपुर यूनिवर्सिटी
जांजगीर-चांपा जिले के 12 परीक्षा केंद्र संवेदनशील
जांजगीर-चांपा जिले के 12 परीक्षा केंद्र को यूनिवर्सिटी ने संवेदनशील माना है। यहां के परीक्षा केंद्र पूर्व में नकल के लिए बदनाम रहे हैं। हालांकि पिछले साल इन परीक्षा केंद्रों में नकल का एक भी प्रकरण नहीं बना। इसके बाद भी यूनिवर्सिटी इन परीक्षा केंद्रों को हल्के में न लेकर संवेदनशील मान रहा है।
बिलासपुर यूनिवर्सिटी