सिसोदिया ने जमा किया शपथ पत्र, सुनवाई आज
बिल्हा के पूर्व एसडीएम और राजेंद्र आत्मदाह के मामले में आरोप झेल रहे अर्जुन सिंह सिसोदिया ने अपना शपथ पत्र वकील के माध्यम से जांच अधिकारी को सौंप दिया है। उन्हें सुनवाई के लिए बुधवार को बुलाया गया है। पूर्व एसडीएम को मृतक युकां नेता राजेंद्र के वकील के सवालों का जवाब देना होगा।
एसडीएम कोर्ट में धारा 107, 116 के मामले में जमानत नहीं मिलने से परेशान बिल्हा के युकां नेता राजेंद्र तिवारी ने कथित तौर पर तत्कालीन एसडीएम सिसोदिया की प्रताड़ना से तंग आकर आत्मदाह कर लिया। 26 अक्टूबर 2015 को उसने आत्मदाह किया और 27 अक्टूबर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले को लेकर काफी बवाल मचा। कांग्रेसियों ने इस मामले में जिला प्रशासन के अधिकारियों व प्रदेश की रमन सरकार के खिलाफ आंदोलन खड़ा किया। कांग्रेसियों ने बिल्हा में चक्काजाम किया तो कलेक्टर अन्बलगन पी. ने सिसोदिया को सस्पेंड करने व मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया। मृतक के परिजन को मुआवजा तो मिल गया लेकिन सिसोदिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। वे रिटायर भी हो गए। इधर जिला प्रशासन द्वारा मामले की दंडाधिकारी जांच कराई जा रही है। जांच जिला पंचायत सीईओ जेपी मौर्य कर रहे हैं। मौर्य कई बार सिसोदिया के वकील विभाकर सिंह से शपथ पत्र जमा कराने कह चुके थे। उन्हें फिर से इसके लिए कहा गया था। बार-बार कहने के बाद अब कही जाकर सिसोदिया ने शपथ पत्र जमा किया। उल्टे इससे पहले वे जल्द से जल्द जांच कर सुनवाई करने के लिए जांच अधिकारी को पत्र लिख चुके हैं। अब शपथ पत्र मिलने के बाद जांच अधिकारी ने सिसोदिया को बयान दर्ज करवाने के लिए 10 जनवरी को सुबह 11 बजे अतिरिक्त दंडाधिकारी कोर्ट बुलाया है। बयान पूरा नहीं होने पर उन्हें 11 जनवरी को भी बुलाया जाएगा। इधर मृतक राजेंद्र के वकील ने सिसोदिया से प्रतिपरीक्षण करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। पता चला है कि सवालों की लंबी फेहरिस्त बनाई गई है। हालांकि सवालों का जवाब देने के लिए सिसोदिया को बाध्य नहीं किया जा सकता लेकिन सुनवाई दिलचस्प रहने की संभावना है।