ओपन यूनिवर्सिटी में सहायक प्राध्यापकों की भर्ती पर सवाल
एजुकेशन रिपोर्टर | बिलासपुर
पंडित सुंदरलाल ओपन यूनिवर्सिटी में सहायक प्राध्यापकों की भर्ती पर सवाल खड़े हो गए हैं। ओपन यूनिवर्सिटी ने एक ही दिन में चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली। चयनित उम्मीदवारों में कोई भाजपा नेत्री का ताे कोई प्रशासनिक अधिकारी का रिश्तेदार है। इसके पहले भी ओपन यूनिवर्सिटी में चयन प्रक्रियाओं पर सवाल उठते रहे हैं।
ओपन यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को विभिन्न विषयों के लिए सहायक प्राध्यापकों की चयन सूची जारी की गई। सूची और यूनिवर्सिटी की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। दरअसल, आवेदन लेने के बाद स्क्रूटनी और दावा-आपत्ति का समय भी दिया जाना था, लेकिन ईसी की बैठक के बाद उसी दिन चयन सूची जारी कर उम्मीदवारों को ज्वाइनिंग भी करा दी गई। इस बारे में यूनिवर्सिटी के अधिकारियों का कहना है कि दावा-आपत्ति ईसी की बैठक में निपटा लिया गया था। यूनिवर्सिटी ने सभी पात्र व अपात्र उम्मीदवारों को बैठक में बुलाया था। अपात्र उम्मीदवारों को जहां उनकी कमियों के बारे में बताकर संतुष्ट किया गया, वहीं पात्र उम्मीदवारों को चयन की जानकारी दी गई। उम्मीदवार डॉ. प्रकृति जेम्स जहां भाजपा नेत्री अंजना मुलकलवार की बेटी बताई जा रही है, वहीं डॉ. सौम्य पल्टा भी राज्य के उच्च अधिकारी के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। इधर, डॉ. अनिता सिंह खुद कुलपति डॉ. बंशगोपाल सिंह की रिसर्च स्कॉलर बताई जा रही हैं।
भाजपा नेत्री और अफसर के रिश्तेदार को भी दी गई नौकरी
श्रेष्ठतम उम्मीदवारों का चयन
आरोप गलत है। चयन निष्पक्ष रूप से किया गया है। बैठक भी पहले से तय थी। कोई काम अचानक नहीं किया गया। पूरी प्रक्रिया में रखकर अपनाई गई है।’’ -डॉ. बंशगोपाल सिंह, कुलपति, पंडित सुंदरलाल ओपन यूनिवर्सिटी
इनका हुआ चयन
डॉ. आशुतोष सिंह- अंग्रेजी
डॉ. प्रीति रानी मिश्रा-पुस्तकालय विज्ञान
डॉ. जयपाल सिंह प्रजापति- हिंदी
डॉ. जयसिंह- हिंदी अनुप्रयुक्त
संजीव कुमार लवनिया- समाजशास्त्र
रुचि त्रिपाठी- राजनीति विज्ञान
रेशमलाल प्रधान-कंप्यूटर साइंस
डा. सौम्य पल्टा- मैनेजमेंट
डॉ. बीना सिंह- शिक्षा अनारक्षित
डॉ. प्रकृति जेम्स- शिक्षा अनारक्षित
डॉ. अनिता सिंह- शिक्षा अन्य पिछड़ा वर्ग