महिला के गले से चेन छीनकर भागे बाइकर्स
सरकंडा में शनिवार की सुबह बाइकर्स महिला के गले से चेन छीनकर भाग निकले। घटनास्थल के आसपास दुकान व बैंक के लगे सीसी कैमरे में बाइकर्स का चेहरा कैद हो गया है। पुलिस पतासाजी में जुटी है।
मूलतः सीपत मोहरा निवासी प्रेमलता साहू पति रामसनेही साहू 37वर्ष पुराना सरकंडा में माता चौरा के पास किराए के मकान में रहती है। उसका ससुर लखनलाल साहू रिटायर्ड एसईसीएल कर्मी है। महिला के ससुराल मोहरा में भागवत कथा हो रही है। शनिवार को वह अपने ससुर व बेटी प्राची के साथ वहां जाने के लिए घर से निकली। तीनों घर से पैदल गली से सीपत रोड पर आए और डेयरी के पास खड़े होकर सीपत की ओर जाने वाली बस का इंतजार करने लगे। दोपहर करीब डेढ़ बजे बस आई। ससुर व बेटी इसमें सवार हुए। महिला जैसे ही बस में चढ़ने लगी वहां पहले से ताक में खड़े दो युवकों में से एक ने उसके गले से चेन खींच लिया। महिला ने शोर मचाया तो युवक बाइक से फरार हो गए। 18 ग्राम वजनी इस चेन की कीमत 46 हजार रुपए है। शोर सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। उन्हीं में से किसी ने सरकंडा थाने में फोन किया। पुलिस पहुंची और लुटेरों की पतासाजी में जुट गई।
पीिड़त महिला और पास की दुकान के सीसी कैमरे में कैद हुआ फुटेज।
सीसी कैमरे में कैद
घटनास्थल के पास ग्लोबल मार्केट सहित एचडीएफसी बैंक व कंप्यूटर जाब वर्क की दुकान है। इनके बाहर सीसी कैमरे लगे हुए हैं। तीनों में लुटेरों का चेहरा कैद हो गया है। पुलिस ने फुटेज निकालकर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
कोल्ड ड्रिंक्स पी रहे थे
दोनों युवक ग्लोबल मार्केट के भीतर गए थे और यहां कोल्डड्रिंक्स खरीदा। इसे बाहर खड़े होकर पी रहे थे। संचालक ने इस बात की जानकारी पुलिस को दी है। इनमें से एक युवक लंबा व काला शर्ट पहने हुए है। उसने पीछे बैग लटका रखा है। दोनों ने टोपी पहन रखी है।