पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Bilaspur
  • अनोखा वेलेंटाइन डे: पहले रक्तदान फिर एक दूजे से किया प्रेम का इजहार

अनोखा वेलेंटाइन-डे: पहले रक्तदान फिर एक-दूजे से किया प्रेम का इजहार

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रेम का पर्व वेलेंटाइन डे। बिलासा ब्लड बैंक में मराठा युवा मंडल के शिविर में रक्तदान करने इंसानियत का हुजूम। 17 कपल्स भी, जिनके हाथों में गुलाब का फूल और चेहरों पर कुछ अलग करने का भाव। रक्तदान करते ही 17 कपल्स ने एक-दूसरे को फूल देकर प्रेम का इजहार तो किया ही। मानव सेवा का पैगाम भी दे दिया।

मराठा युवा मंडल ने वेलेंटाइन डे पर रविवार को अनोखी शुरुआत की। इसके लिए सिम्स के सामने स्थित बिलासा ब्लड बैंक में ब्लड डोनेशन कैंप लगाया। देखते-देखते ही कैंप में 52 लोग पहुंच गए। सिलसिला शुरू हुआ फार्म भरने का। कतार में खड़ी 17 महिलाओं के हाथों में गुलाब का फूल। सभी की नजरें इनकी ओर ही टिकी हुई थीं। कोई समझ ही नहीं पा रहा था कि आखिर ये गुलाब का फूल लेकर क्यों आई हैं। एक-एककर सभी 52 लोगों ने रक्तदान किया। इस बीच रक्तदान करने के बाद बेड पर 17 कपल्स ने एक-दूसरे को फूल देकर अपने प्रेम का इजहार किया तो अन्य रक्तदाताओं और युवा मंडल के सदस्यों ने तालियां बजाकर उनकी इस नई पहल और सलीके का स्वागत किया। शिविर के मुख्य अतिथि एसईसीएल के जीएम प्रवीण कंजर्कर, विशिष्ट अतिथि ऑर्थोपिडीशियन डॉ. प्रकाश लाडिकर थे। इन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए प्रेम के पर्व के महत्व को सार्थक सिद्ध करने वाला बताया। इस मौके पर मंडल अध्यक्ष विश्वेश ठाकरे, सचिव सचिन काले समेत बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद थे।

हर बार करेंगे सेवा कार्य
नवदंपती रघुनंदन गोवर्धन व मानसी का कहना है कि रक्तदान करने से उनके वेलेंटाइन डे मनाने की सच्ची सार्थकता सिद्ध हुई है। कोशिश होगी कि हर वेलेंटाइन डे पर वे सेवा कार्यों से प्रेम का पर्व मनाएं।

कुछ नया करने की थी चाहत
शिविर में अपनी प|ी के साथ पहुंचे डॉ. अखिलेश देवरस ने कहा कि हमने इस बार कुछ अलग अंदाज में वेलेंटाइन डे सेलिब्रेट करने को सोचा था। रक्तदान कर ऐसा किया भी। इससे हमेंं जो संतुष्टि मिल रही है, दूसरे अंदाज में नहीं मिलती।

कैंसर पीड़ित को दी गई सहायता
रक्तदान शिविर के दौरान सिम्स से एक कैंसर पीड़िता का पति ब्लड के लिए पहुंचा हुआ था। उसे तत्काल दो यूनिट ब्लड की जरूरत थी। उसने बताया कि वह बहुत गरीब है। जब डॉक्टरों ने उसे दो यूनिट खून की व्यवस्था करने की बात की तो उसकी आंखों के सामने अंधेरा छा गया। अस्पताल के बाहर निकला तो पता चला कि रक्तदान शिविर लगा हुआ है, सोचा कि यहां से संभवत: उसे मदद मिल जाएगी। उसकी व्यथा सुन मंडल के सदस्यों ने उसे ब्लड देने की पहल की। इस पर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. घाटगे ने सिम्स से कैंसर पीड़िता की डिटेल ली। उसकी वास्तविक आर्थिक स्थिति का जायजा लेते हुए उसे नि:शुल्क दो यूनिट ब्लड उपलब्ध कराया गया।

बिलासा ब्लड बैंक में मराठा समाज ने रक्तदान कर वेंलेंटाइन डे मनाया। रक्तदान के बाद कपल्स ने एक-दूसरे को गुलाब देकर प्यार का इजहार किया।

17 कपल्स ने रक्तदान कर दिया मानव सेवा का पैगाम
खबरें और भी हैं...