गरीबाें को निशुल्क शिक्षा देगा क्षत्रिय समाज
बिलासपुर | मेधावी लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शिक्षा से वंचित बच्चों काे क्षत्रिय समाज मेडिकल और इंजीनियरिंग पढ़ाएगा। महंगे खर्च के कारण आईएएस की तैयारी नहीं कर पा रहे बच्चों को भी कम शुल्क पर कोचिंग दी जाएगी। समाज के बच्चों को इन सहूलियतों की जानकारी देने के लिए ही 13 फरवरी को रायपुर स्थित पं. रविशंकर शुक्ल यूनिवर्सिटी सभागार में आल इंडिया क्षत्रिय फेडरेशन का राष्ट्रीय सम्मेलन होगा। शाम 5 बजे से शुरू होने वाले इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह होंगे। कांग्रेस महासचिव व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विस के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव अतिथि होंगे। फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव विनय सिंह भदौरिया के अनुसार देशभर से फेडरेशन के 180 सदस्यों ने आने की सहमति दी है। संगठन के सचिव शशि सिंह ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज के लोगों को सुविधाओं की जानकारी देना है। इसमें समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय सम्मेलन होगा।