साइकिल सवार को ट्रैक्टर ने ठोंका, मौत
सीपत क्षेत्र में बुधवार की रात बिना लाइट के ट्रैक्टर ने साइकिल सवार को कुचल दिया। घटना बरेली रोड पर मटियारी के पास हुई। ग्राम भाड़ी निवासी दिनेश कश्यप पिता इतवारी कश्यप 45 वर्ष पंधी राइस मिल में काम करता था। गांव से उसके साथ प्रमोद कुमार व रामशरण यादव भी काम पर जाते थे। तीनों बुधवार की रात अपनी साइकिल से घर लौट रहे थे। करीब आठ बजे बरेली रोड पर मटियारी के पास सामने से बिना लाइट व बिना नंबर के ट्रैक्टर ने दिनेश को चपेट में ले लिया। हादसे में वह पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनेश के दोनों साथियों ने सीपत थाने व उसके घरवालों को सूचना दी। पुलिस वहां पहुंची और शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीपत भेजा। घटना के बाद ड्राइवर ट्रैक्टर सहित फरार हो गया था। अभी तक उसका पता नहीं चला है। प्रमोद की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत जुर्म दर्ज किया है। दिनेश अपने घर का एकमात्र कमाऊ व्यक्ति था।