पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

3 साल में नहीं लगा वाटर कूलर, ठंडे पानी को तरसेंगे

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुसाफिरों को रेलवे स्टेशनों में ठंडा पानी देने की योजना अफसरशाही की भेंट चढ़ गई है। रेल प्रशासन ने वर्ष 2012-13 के बजट में उसलापुर, अंबिकापुर, गेवरा रोड, पेंड्रा रोड जैसे बिलासपुर मंडल के 25 स्टेशनों का चयन किया। एक-एक वाटर कूलर लगाने 12.64 लाख रुपए की मंजूरी दी। 3 साल बाद 3 स्टेशनों में ही वाटर कूलर लगाए जा सके हैं।

योजना पर इलेक्ट्रिकल और इंजीनियरिंग विभाग की रस्साकशी भारी पड़ गई है। हालात ऐसे हैं कि इस गर्मी में भी यात्री टंंकी के उबलते पानी से गला तर करने को मजबूर होंगे। बिलासपुर की तरह छोटे स्टेशनों के भी यात्रियों को पीने का ठंडा पानी मिले, इसके लिए वाटर कूलर लगाने की योजना बनी। तात्कालिक डीआरएम ने अपने फंड (माइनर वर्क) से 12.64 लाख रुपए मंजूर किए। इस राशि से 25 स्टेशनों के सबसे ज्यादा भीड़ वाले प्लेटफार्म में वाटर कूलर लगना था। उम्मीद थी कि वाटर कूलर 2013 के अंत तक लग जाएंगे और यात्रियों को गर्मी में ठंडा पानी मिलने लगेगा। पीने के पानी जैसी प्राथमिक जरूरत को लेकर भी अफसरों का रवैया गैर संजीदगी भरा है। वाटर कूलर लगाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया में ही डेढ़ साल लग गए। दिसंबर 2014 में टेंडर हुआ, अगले 6 महीने में वाटर कूलर लगाने का दावा किया गया। साल 2015 बीत गया, लेकिन वाटर कूलर नहीं लगे। योजना से जुड़े अफसरों का दावा है कि उसलापुर, अंबिकापुर और मनेंद्रगढ़ स्टेशन में वाटर कूलर लगा दिए गए हैं। शेष स्टेशनों के लिए तकनीकी खामियों को दूर किया जा रहा है।

यहां लगना था वाटर कूलर
उसलापुर, अंबिकापुर, मनेंद्रगढ़, शहडोल, अंबिकापुर, पेंड्रा, उमरिया, खरसिया, अनूपपुर, सक्ती, अमलाई, बुढ़ार, नैला, बिरसिंगपुर, ब्रिजराजनगर, चिरमिरी, बिजूरी, कोतमा, गेवरारोड, बैकुंठपुर, विश्रामपुर, करगीरोड, जैरामनगर, बाराद्वार और नरौजाबाद।

दो विभागों में खींचतान
वाटर कूलर खरीदी और इंस्टॉलेशन का काम इलेक्ट्रिकल विभाग का है, लेकिन वाटर कूलर को सुरक्षित रखने के लिए लोहे की जाली का ड्राइंग इंजीनियरिंग विभाग को बनाना है। इंजीनियरिंग विभाग ने लोहेे की जाली की जो ड्राइंग दी वह इलेक्ट्रिकल विभाग और ठेकेदार के हिसाब से हैवी है। ड्राइंग में बदलाव के लिए कागजी घोड़े दौड़ाए गए । अब इलेक्ट्रिकल विभाग इंजीनियरिंग को तो इंजीनियरिंग विभाग इलेक्ट्रिकल को देरी के लिए जिम्मेदार ठहरा रहा है।

मार्च तक लगवा लेंगे
वाटर कूलर लगाने में तकनीकी कारणों से देरी हुई है। मुसाफिरों को इस गर्मी में ठंडा पानी मिले, इसके लिए वाटर कूलर मार्च तक लगवा दिए जाएंगे।’’ - रश्मि गौतम, सीनियर डीसीएम, बिलासपुर

बदहाली
खबरें और भी हैं...