शिक्षा के साथ सेवा, स्वच्छता व मित्रता हमेशा आती है काम
सेवा, स्वच्छता और मित्रता को जीवन में आत्मसात करने से जीवन निर्विवाद रहता है और बिना कठिनाई के कीर्तिमान हासिल होता है। छात्रों को शिक्षा के साथ चरित्र निर्माण में सेवा, स्वच्छता और मित्रता हमेशा काम आती है। सेवा का आशय हमेशा दूसरों को मदद करने से है। स्कूल में स्वच्छता बनाए रखने के संकल्प को पूरा करें। उक्त बातें महारानी लक्ष्मी बाई कन्या शासकीय स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में नगरीय प्रशासन उद्योग व वाणिज्यि कर मंत्री अमर अग्रवाल ने कही।
वहीं महापौर ने कहा कि यह स्कूल अपने अनुशासन, पढ़ाई के साथ अन्य गतिविधियों में भी अग्रणी रहा है। नगर के सभी स्कूलों और कॉलेजों काे सर्वसुविधायुक्त बनाया जा रहा है। इसके बाद मंत्री अग्रवाल ने स्कूल में व्यवसायिक प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन किया। कार्यक्रम में स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इसके साथ ही स्कूल की गतिविधियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से सभी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इसके बाद छात्राओं ने सामूहिक नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में स्कूल मैगजीन ‘स्मृति’ का विमोचन पत्रिका प्रभारी रेखा गुल्ला व मीरा शर्मा ने अतिथियों के हाथों संपन्न कराया। इसमें स्कूल की विभिन्न कक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली 8वीं की पुष्पा यादव और 12वीं की गायत्री पटेल व भावना कश्यप को मुख्य अतिथि ने पुरस्कृत किया। अतिथियों ने खेल एनसीसी, एनएसएस, रेडक्रास, गाइड, सांस्कृतिक, व साहित्यिक गतिविधियों में हिस्सा लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को भी पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन आर लाल ने किया व आभार प्रदर्शन एके कौशिक ने किया। इस अवसर पर निगम सभापति अशोक विधानी, उमेशचंद्र कुमार, वीना कुमार, डॉ. आशुतोष सिंह, डॉ. एसपी सिंह, राजेश मिश्रा आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में स्कूल की मैग्जीन का विमोचन कियाक गया।