आधार कार्ड को लिंकअप करने में देरी राशन पाने के लिए भटक रही है जनता
शहर और गांवों में उपभोक्ताओं का आधार नंबर राशन कार्ड से जोड़ने की तैयारी चल रही है। इसके लिए राजस्व और फूट विभाग के अधिकारियों ने पब्लिक को जल्द अपने-अपने क्षेत्र के उचित मूल्य की दुकानों में ऐसा करने का निर्देश जारी किया है। इसके कारण कई स्थानों पर जनता को राशन नहीं मिल रहा है, जिससे उन्हें दिक्कत झेलनी पड़ रही है। कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार को नई व्यवस्था को जल्द अमल में लाने की बात कही है, जिसके लिए दोनों अधिकारयों ने जायजा लेकर जिम्मेदारों को जल्द काम खत्म करने को कहा है।
तहसीलदार पीसी कोरी ने बताया कि इसके लिए एसडीएम और उन्होंेने तिफरा, सिरगिट्टी समेत करीब के गांवों का दौरा किया। यहां काम की प्रोग्रेस रिपोर्ट मांगी गई, जहां यह काम धीमी गति से चल रहा है, वहां तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उल्लेखनीय है इससे सबसे अधिक तकलीफ गांवों में हो रही है। जानकारी के अभाव में ग्रामीणों को समझ नहीं आ रहा है इसके पीछे का क्या कारण है, जिसके कारण राशन देना बंद कर कार्ड में आधार नंबर जोड़ने का काम शुरू कराया गया है। यह काम तकरीबन सभी ब्लाॅक में पिछले कई दिनों से जारी है, जिसके बावजूद सबकुछ यथावत है। कहीं अधिकारी, कर्मचारियों की उदासीनता इसकी वजह है तो कहीं तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं। इसके चलते कुछ स्थानों में अव्यवस्था बरकरार है। इसकी शिकायत कलेक्टर से की गई है। उन्होंने सभी जगहों पर जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी मॉनिटरिंग का जिम्मा सौंपा है, ताकि जनता को किसी भी समस्या से जूझना नहीं पड़े। इसी कड़ी में गुरुवार को एसडीएम क्यूए खान और तहसीलदार प्रकाश चंद्र कोरी ने उचित मूल्य की दुकानों में पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। जहां उन्हें व्यवस्था ठीक दिखी वहां राशन बांटने के निर्देश दिए गए और जिन जगहों पर खामियां मिली, उनके कर्मचारियों को फटकार लगाकर इसे जल्द सुधारने को कहा गया है। उनके मुताबिक जल्द यहां पसरी अव्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। इसके बाद किसी को कोई परेशानी नहीं होगी।
कालाबाजारी रोकना और व्यवस्था बनाना मकसद
सरकार ने राशन कार्ड से आधार कार्ड के नंबर को जोड़ने की नई व्यवस्था इसलिए बनाई है, ताकि राशन की कालाबाजारी रोकी जा सके। कार्डधारक को उनके राशन आवंटित होने की जानकारी ऑनलाइन मिले और शासन के पास भी किसे, कितना, क्या बांटा गया यह डाटा भी पहुंच सके। यही वजह है कि इस तकरीबन सभी स्थानों पर इस योजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। इससे सब्सिडी की राशि भी ऑनलाइन उपभोक्ता तक पहुंच सकती है।
जायजा लिया है, व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं
कलेक्टर के निर्देश के बाद गुरुवार को एसडीएम के साथ मैंने तिफरा, सिरगिट्टी और दूसरे स्थानों का जायजा लिया है। यहां राशन कार्ड से आधार कार्ड नबंर को लिंकअप करने की व्यवस्था ठीक है। कुछ उचित मूल्य की दुकानों में लापरवाही बरती जा रही थी, जिन्हें जल्द व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द सबकुछ ठीक हो जाएगा। किसी को कोई परेशानी नहीं होगी।’’ पीसी कोरी, तहसीलदार, बिलासपुर