Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
गोदाम निर्माण में धंाधली, किसानों ने कलेक्टर से की शिकायत, जांच होगी
तखतपुर क्षेत्र के कुछ किसानों ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत गोदाम निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत कलेक्टर से की है। उन्होंने बताया कि विभागीय अधिकारियों ने उनके नाम पर डेढ़ लाख रुपए निकलवाए हैं, पर उन्हें यह रकम नहीं मिली है। इनमें तखतपुर बघेलकापा एवं बेलगहना में वर्ष 2015-16 में किसान बालमुकुंद पिता रामदास, साकिन बघेल और गुरुवचन दिनकर ने अपनी पीड़ा अफसरों को बताई है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों और कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से ऐसी गड़बड़ी होने की बात बताई है। उन्होंने ये भी बताया है कि उनके विरोध के बाद उन्हें कुछ लोग जान से मारने की धमकी देकर गाली-गलौज कर रहे हैं। इसके बाद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। किसान अर्जुन खांडे के मुताबिक इसकी शिकायत वरिष्ठ कृषि अधिकारी से की थी। उन्होंने अपमानित कर उसे दफ्तर से भगा दिया। इस बात का लेकर उन्होंने विरोध जताया है। इधर, कलेक्टर ने जनसमस्या निवारण शिविर में अधिकारियों को मामले की सच्चाई जानने और इसकी रिपोर्ट भेजने की बात कही थी। इसके बाद सबकुछ यथावत है। किसानों ने तहसीलदार से मिलकर भी इस बात की सूचना दी है। इसके बावजूद किसी ने मामले में दिलचस्पी नहीं दिखाई है। इससे आक्रोशित किसानों ने जल्द आंदोलन की चेतावनी दी है। उनके अनुसार जब उन्हें ये रकम मिली नहीं है क्यों अफसर जबरिया उनका नाम फंसा रहे हैं। ऐसा करना घोटाले की श्रेणी में आता है। यही वजह है कि उन्होंने आने वाले दिनों में कृषि मंत्री से इसकी शिकायत करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि उनके क्षेत्र में लापरवाही का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी घपले और घोटाले की घटना सामने आई है, पर अफसर इसे नजरअंदाज कर मामले को चलता कर रहे हैं। इसके कारण क्षेत्र में गफलबाजी बढ़ती जा रही है। उनका दावा है कि आगे भी योजना में गड़बड़ी होने की संभावना है।