चार हुक्का बार में छापे, 17 हिरासत में
थानों के आसपास युवाओं का रेला लगा
वेलेंटाइन-डे पर रविवार शाम से देर रात तक पुलिस ने चार हुक्काबारों में छापे मारकर 17 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया है। इनमें नाबालिग भी शामिल हैं, जिनके खिलाफ देर रात तक कोई कार्रवाई नहीं की गई थी। पुलिस की इस जांच से सभी बारों में हड़कंप मचा है। पुलिस को सूचना मिल रही थी कि 36मॉल के तंत्रा, लिंक रोड में कोयला, मेग्नेटो के ग्लो जीरो और श्रीकांत वर्मा मार्ग सामने मोका बार में हुक्के और शराब का अवैध कारोबार चल रहा है। यहां खुलेआम नाबालिग और युवक-युवतियों का समूह इकट्ठा हो रहा है। सीएसपी लखन पटले के नेतृत्व में तारबाहर और सिविल लाइन पुलिस की टीम इन स्थानों पर दबिश देने निकली। सबसे पहले तारबाहर के क्लू जीरो में दबिश दी गई। यहां से 7 लड़के-लड़कियाें को हिरासत में लिया गया। कोयला बार में 11 तंत्रा से भी 5 युवक-युवतियां पुलिस के हत्थे चढ़े हैं।
हुक्का बार में कार्रवाई करती पुलिस।
हुक्काबारों में छापे के बाद तारबाहर और सिविल लाइन थाने के आसपास भाजपा, कांग्रेस के कथित युवा नेताओं का समूह सक्रिय रहा। टीआई और दूसरे पुलिसवालों के पास इनकी सिफारिश के लिए फोन घनघनाते रहे। फिलहाल, हिरासत में लिए गए किसी भी युवक-युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं
पुलिस ने मैग्नेटो के ग्लो जीरो, 36 मॉल के तंत्रा, लिंक रोड में कोयला और मोका बार में छापे मारकर 17 युवक-युवतियों के साथ कुछ नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। इनसे और संचालकों से पूछताछ चल रही है। फिलहाल, किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया है।’’ लखन पटले, सीएसपी, बिलासपुर