तखतपुर. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करोड़ों भारतीयों के साथ छलावा किया है। इसका नतीजा छत्तीसगढ़ प्रदेश के 2018 में होने वाले विधानसभा चुनाव में राज्य सरकार को भुगतना होगा। प्रधानमंत्री मन की बात से देश के लोगों को अंधेरे में रख रहे हैं तो मुख्यमंत्री रमन की गोठ पर। यह बात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व व प्रदेश कांग्रेस सचिव आशीष सिंह की अगुवाई में 10 फरवरी को आयोजित विधानसभा स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में उपस्थित लोगों से पूर्व सांसद करूणा शुक्ला ने कही।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को सेल्फी लेने व झाड़ू लगवाने की बीमारी है।
एक माह पहले से तैयारी:
विधानसभा स्तरीय कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी माह भर पहले से ही शुरू कर दी गई थी। बुधवार को प्रदेश स्तरीय कांग्रेस नेताओं के आगमन पर स्थानीय कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। सेवादल के कार्यकर्ताओ द्वारा मंच से प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल को सलामी दी गई। स्वागत भाषण बिलासपुर जिला अध्यक्ष राजेंद्र शुक्ला ने दिया।
स्थानीय विधायक पर आरोप:
पूर्व विधायक जगजीत सिंह मक्कड़ ने इस अवसर पर स्थानीय विधायक पर टांट कसते हुए कहा कि पूरा छग सूखा घोषित हो गया है पर तखतपुर सूखा घोषित नहीं हो पाया। यहां बहुत से चीजों की आवश्यकता है पर स्थानीय विधायक ने आज तक तखतपुर के लिए कुछ नहीं किया गया। इसके चलते विकास आज भी वहीं का वहीं रूका हुआ है।
पार्टी के लिए फायदेमंद
मक्कड़ दंपती ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया। इसका असर भाजपा के खेमे में राहत तो कांग्रेस के एक खेमे में खलबली की नजर से भी देखा जा रहा है। इस दल बदल से तखतपुर कांग्रेस के मजबूत होने के कयास लगाए जा रहे है। वहीं कुछ कांग्रेसी नेताओं के अपनी राजनीति का रंग फीका होता नजर आ रहा है।
आम जनता की लड़ाई
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेश बघेल ने उपस्थित लोगों से कहा कि रमन सरकार ने चुनाव जीतने के लिए राशनकार्ड में महिलाओं को मुखिया बना दिया। वहीं चुनाव जीतने ंके बाद राशनकार्ड वितरण किया गया। कांग्रेस ने इसका विरोध किया था। इसके बाद धान खरीदी , नसबंदी काण्ड, नान घोटाला में महिलाओं की मौत के मामले को हमने विधानसभा में उठाकर न्याय की मांग की है।
77 लोगों ने लिया प्रवेश
कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक जगजीत सिंह मक्कड़ व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र कौर मक्कड़ सहित 77 लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता लेते हुए पार्टी पर अपना विश्वास जताया। इस बात को लेकर नगर में चर्चा रही कि आने वाले विधानसभा चुनाव में अब भाजपा के लिए जीत आसान नहीं होगा। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि मक्कड़ भाजपा प्रत्याशी को कड़ी टक्कर देंगे।
चुनाव 18 की तैयारी का शंखनाद
नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव ने कहा कि 12 साल से कांग्रेस वनवास पर है। जिस तरह भगवान राम ने वनवास के दौरान राक्षसों का नाश किया था वैसे ही कांग्रेस भाजपा के भ्रष्टाचार को एक-एक कर उजागर कर रही है। यह सम्मेलन विधानसभा चुनाव 2018 की तैयारी का शंखनाद है।
किसानों का दुर्भाग्य
पूर्व केंद्रीय मंत्री चरण दास महंत ने कहा कि भाजपा के शासन काल में गांव-गांव व गली-गली में शराब बिकने लगी है। दूसरी ओर किसानों का धान नहीं बिक पा रहा है। यह किसानों के लिए दुर्भाग्य से कम नहीं है। रविंद्र चौबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों के साथ खिलवाड़ हो रहा है। बिना पैसे के किसी भी शासकीय कार्यालय में किसानों का काम नहीं किया जाता है।