बिलासपुर. गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी समेत अन्य सेंट्रल यूनिवर्सिटीज में वाइस चांसलर की नियुक्ति की घोषणा किसी भी समय हो सकती है। अब तक 11 में से पांच सेंट्रल यूनिवर्सिटी में नियुक्ति हो चुकी है। अब तक गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में नए कुलपति की घोषणा नहीं हो पाई है। पूर्णकालिक नियुक्ति नहीं होने से सीयू में करीब 200 पर खाली पड़े हैं जिन पर रेगुलर नियुक्ति की जानी है।
देश की अन्य यूनिवर्सिटी के समान सेंट्रल यूनिवर्सिटी में भी जल्द ही कुलपति की नियुक्ति हो सकती है। इसका इशारा चंडीगढ़ में हो रही सेंट्रल यूनिवर्सिटी वाइज चांसलर मीटिंग में एचआरडी मिनिस्टर स्मृति ईरानी कर चुकी है। जनवरी तक हर सेंट्रल यूनिवर्सिटी को अपने यहां खाली पड़े पदों को भरना होगा। जीजीयू में यह तभी संभव है जब पूर्णकालिक कुलपति की नियुक्ति हो। यह स्थिति तकरीबन उन सभी सेंट्रल यूनिवर्सिटी की हैं जहां कुलपति की नियुक्ति नहीं हुई है। एचआरडी मिनिस्टर से मिले संकेत के बाद तय है कि नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया नहीं अपनाई जाएगी। इसके पहले केंद्र में कांग्रेस सरकार के दौरान प्रक्रिया करीब पूरी हो चुकी थी लेकिन इस बीच लोकसभा चुनाव के कारण प्रक्रिया बीच में ही रोक दी गई। बीच में इसकी भी चर्चा रही कि कुलपति नियुक्ति के लिए नए सिरे से भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाएगी। अब ऐसा नहीं होगा। सागर सेंट्रल यूनिवर्सिटी में सीबीआई जांच और भ्रष्टाचार का मामला सामने आने के बाद यहां भी दिल्ली तक शिकायत की गई। इसके कारण भी नियुक्ति में देरी की आशंका जताई जा रही थी।
लगने लगे हैं कयास
जीजीयू के कुलपति की नियुक्ति की चर्चा जोर पकड़ने के साथ ही इस बात के कयास लगने लगे हैं कि अगला कुलपति कौन होगा। सभी अपनी ओर से कयास लगा रहे हैं। यह भी अनुमान लगाए जा रहे हैं कि आखिरी समय राष्ट्रपति को भेजे गए तीन नामों में से कोई एक नाम होगा या फिर कोई नया नाम होगा।