बिलासपुर. रक्षा मंत्रालय के सिविल विंग के दो अफसर चकरभाठा हवाई पट्टी और उनके नाम पर दर्ज 1242 एकड़ जमीन का अधिग्रहण करने के लिए पहुंच चुके हैं। प्रशासनिक अफसरों से मिलने के बाद उन्होंने मंत्रालय के नाम पर दर्ज जमीनों के शासकीय रिकार्ड लिए और उससे संबंधित अन्य सभी जानकारियां मांगी है। धीरे-धीरे उन्हें सभी जानकारियां दी जाएगी।
सेना के सिविल विंग के एसडीआे लेवल के दो अफसर रविशंकर कुमार और अमित राय दो दिन से बिलासपुर में हैं। वे सेना के बेस कैंप के लिए चयनित चकरभाठा हवाई पट्टी और उससे लगे गांव की जमीन अधिग्रहित करने के लिए आए हैं। यहां पहुंचने के बाद वे बुधवार को कलेक्टर सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी से मिलने कलेक्टोरेट गए लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो पायी। वे सीधे बिल्हा एसडीएम अर्जुन सिंह सिसोदिया से मिलने बिल्हा पहुंचे। उनके आने की खबर पर सिसोदिया ने अपने तहसीलदार, आर आई और हल्का के पटवारियों को अपने कार्यालय में बुलवा रखा था। वे शाम को पहुंचे। उन्हें रेस्ट हाउस में रुकवाया गया।
उन्होंने आते ही सबसे पहले रक्षा मंत्रालय के नाम पर दर्ज जमीन का बी-वन और खसरा नक्शा मांगा। यह कागजात उन्हें तत्काल उपलब्ध करा दिया गया। जो अवार्ड पारित हुए उनके कागजात, किसानों को किए भुगतान से संबंधित दस्तावेज सहित अन्य जानकारियां उन्होंने मांगी है। सभी जानकारियां उन्हें धीरे-धीरे उपलब्ध करवाई जाएंगी।