बिलासपुर। संतान के लिए दवा मांगने आई महिला को 75 साल के बाबा ने कमरे में बंद कर लिया और उससे छेड़खानी शुरू कर दी। महिला के जेठ का बेटा छत से सीढ़ी के रास्ते उस कमरे में दाखिल हुआ तो उसने यह माजरा देखा। पहले बाबा की पिटाई की गई, फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
घटना हिर्री थाना क्षेत्र के ग्राम बेलमुंडी की है। आरोपी मोहम्मद अली खान (75 वर्ष) मूल रूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पिछले कुछ सालों में वह चुचुहियापारा गणेश नगर की एक मस्जिद में रहता है। वह आस-पास के गांवों में जाकर लोगों की झाड़-फूंक करता है और ताबीज भी बेचता है। शनिवार की दोपहर को वह बेलमुंडी गया था। एक व्यक्ति के घर में बैठा था और उसके घरवालों को ताबीज दिखा रहा था। इस परिवार की 35 वर्षीय महिला का 16 साल का एक बेटा है। इसके बाद से उसे कोई संतान नहीं हुई थी। बाबा पर भरोसा कर उसने संतान के लिए दवा मांगी। बाबा ने कहा कि उसका अकेले में इलाज करना पड़ेगा। कमरे में मौजूद लोगों को उसने बाहर भेज दिया। इसके बाद कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर दिया और इलाज के बहाने महिला से छेड़खानी करने लगा। वह विरोध करती, इससे पहले महिला के जेठ का बेटा घर पहुंचा। दरवाजा बंद देखकर उसका माथा ठनका। वह सीधे छत के कमरे में गया। वहां से नीचे वाले कमरे की सीढ़ी के सहारे नीचे उतरा तो बाबा को अपनी चाची से छेड़खानी करते हुए देखा। उसने भीतर से दरवाजा खोला और घर के बाकी सदस्यों को जानकारी दी। यहां बाबा की जमकर पिटाई की गई। घरवाले उसे पकड़कर हिर्री थाने ले आए। महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने बाबा के खिलाफ धारा 354 के तहत जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।