पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दोनों पार्टियां आज खोल सकती हैं पत्ते, भाजपा में शामिल हो सकते 40 नए चेहरे

दोनों पार्टियां आज खोल सकती हैं पत्ते, भाजपा में शामिल होंगे 40 नए चेहरे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर। नगरीय निकाय चुनाव के लिए सत्तारूढ़ भाजपा की ओर से नगर निगम के अलावा नगरीय निकायों के अध्यक्ष, पार्षदों के लिए पार्टी के अधिकृत प्रत्याशियों के नाम पर गुरुवार को कोई अधिकृत घोषणा नहीं की गई। निगम में मेयर के अलावा लगभग 60 वार्डों के प्रत्याशी तय कर लिए गए हैं। बताया गया कि रायपुर में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा के बाद शाम-रात तक सूची फाइनल कर दी जाएगी।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को रायपुर के साइंस काॅलेज मैदान में सभा लेंगे। प्रदेश भाजपा महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी के मुताबिक, सभा के बाद शाम या रात को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक होगी। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों की सूची इस बैठक के बाद रायपुर से जारी की जाएगी। सूत्र बताते हैं कि संभागीय और जिला समितियों से भेजी गई उम्मीदवारों की सूची के 90 फीसदी नाम तय हैं। बाकी पर रायशुमारी के बाद निर्णय लिया जाएगा। बिलासपुर के मेयर सहित 60 पार्षदों के नाम तय हो चुके हैं। इस पर प्रदेश चुनाव समिति की औपचारिक मुहर लगना शेष है।
कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर आज बैठक, हंगामे के अासार
कांग्रेस में प्रत्याशी चयन को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस भवन में होने जा रही प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में जमकर हंगामा होने की आशंका है। 12 बड़े नेताओं के अलावा लोकसभा, विधानसभाओं के प्रत्याशी, विधायक, जिला व शहर अध्यक्षों की मौजूदगी से कांग्रेस भवन का माहौल गरमाएगा। उधर, आला नेताओं के गुटों की बीच खींचतान भी सुर्खियां बटोरेगी।
दिल्ली में एआईसीसी के दफ्तर में दो दिनों तक कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक हुई। इसमें मेयर व अध्यक्षों के नाम तय होने के बाद प्रदेश के बड़े नेता वापस आ चुके हैं। छत्तीसगढ़ प्रभारी बीके हरिप्रसाद के निर्देश व सचिव भक्त चरणदास की सहमति पर बैठक 12 दिसंबर को कांग्रेस भवन में करने का निर्णय हुआ। बैठक में कांग्रेस नेता मोतीलाल वोरा, मोहसिना किदवई, भक्त चरणदास के अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव, पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी, चरणदास महंत, मो. अकबर, सांसद ताम्रध्वज साहू, पुष्पादेवी सिंह, पीआर खुंटे और विधायक लखेश्वर बघेल खास तौर पर मौजूद रहेंगे।
मेयर के लिए बिलासपुर से रामशरण यादव और रायपुर से प्रमोद दुबे को टिकट देने पर सहमति बनने की चर्चा है।
ऐसे होंगे दावेदार: 66 वार्ड में से 60 वार्डों में सिंगल नाम होने के कारण इनके टिकट तय माने जा रहे हैं। शेष 6 वार्डों में दोहरे नामों में से एक नाम पर सहमति बाकी है। भाजपा उम्मीदवारों की
सूची में मंत्री अग्रवाल ने चुनावी रणनीति के तहत महिला और युवाओं को तवज्जो दिया है। इसमें 40 युवा व महिलाएं शामिल हैं। इसी तरह 10 वर्तमान पार्षद और इतने ही पार्षदों के रिश्तेदार, पत्नी, बहन आदि को टिकट दिया गया है। ऐसा मौजूदा पार्षदों के वार्ड आरक्षित होने के कारण किया गया है।
मेयर के लिए किशोर राय का नाम फाइनल

सूत्रों के मुताबिक, बिलासपुर नगर निगम के लिए भाजपा की ओर से किशोर राय की उम्मीदवारी तय मानी जा रही है। किशोर की उम्मीदवारी के पीछे स्थानीय मंत्री अमर अग्रवाल की सरपरस्ती की वजह खास है। संघ से लेकर भाजपा युवा मोर्चा के विभिन्न पदों और भाजपा के दक्षिण मंडल के प्रतिनिधि होने के साथ किशोर इसी जोन के प्रभारी भी हैं। 47 वर्षीय किशोर राय बीएससी, बीएएलएलबी हैं और वर्तमान में भाजपा मजदूर मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हैं।
हर बार की तरह टिकटों पर हावी होगी खेमेबाजी

बैठक हंगामेदार होने की आशंका इसलिए भी है, क्योंकि जोगी जहां अपने गुट के लोगों के लिए टिकट देने दबाव डालेंगे, वहीं बघेल सहित संगठन खेमा भी उन्हीं नामों पर अंतिम रूप से विचार करने पर जोर देगा, जिसे वह टिकट देना चाहेगा। बिलासपुर नगर निगम के 66 में से 40 वार्डों में सिंगल उम्मीदवारों के नाम होने और 26 में एक से ज्यादा नामों का पैनल होने की चर्चा है। पार्षदों के नाम भी रायपुर में ही तय होंगे, इसलिए सबकी निगाहें कांग्रेस भवन में होने वाली बैठक पर टिकी हैं।