बिलासपुर। न्यायधानी के मेयर के लिए भाजपा प्रत्याशी किशोर राय और 65 वार्डों के प्रत्याशियों ने शनिवार को रैली निकालकर पर्चा भरा। इस दौरान पार्टी के चुनाव संचालक व मंत्री अमर अग्रवाल समेत संगठन के नेता मौजूद थे। नसबंदी कांड की छाया चुनाव पर न पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं, युवाओं को बुलवाया गया। रैली के बहाने खासी भीड़ जुटाई। भाजपा ने प्रत्याशियों की सूची जारी कर नामांकन भरवा दिए और इधर कांग्रेस गुटबाजी में घिरी दिखी। मेयर और पार्षद प्रत्याशी तय नहीं हो सके हैं।
सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन होने से भाजपा ने रणनीति के तहत शनिवार को सभी प्रत्याशियों के एक साथ नामांकन जमा करवाए। इसके लिए बड़ी रैली निकालने की तैयारी पहले से थी। रैली मंत्री अग्रवाल के चुनावी दफ्तर युवा सदन से दोपहर को निकाली गई। खुली जीप में मंत्री के साथ सांसद लखनलाल साहू, भाजपा प्रत्याशी किशोर राय और अन्य वाहनों में पार्षद पद के प्रत्याशी सवार थे।
कानफोड़ू डीजे, ढोल-ताशे का शोर और जगह जगह जाम के नजारे
भाजपा की रैली के दौरान गांधी चौक से कलेक्टोरेट तक संकरी सड़क पर जगह-जगह ट्रैफिक जाम होता रहा। कानफोड़ू डीजे व ताशा पार्टी के साथ पार्टी के झंडे लहराते चल रहे भाजपाइयों ने चुनाव प्रचार का आगाज किया। कलेक्टोरेट के किनारे नो-पार्किंग जोन पर वाहन करीने से नजर आए। मामला सत्तापक्ष का था, सो पुलिस ने किसी पर रोक-टोक की जहमत नहीं उठाई।
रैली से निकलकर कई ने मुहूर्त पर भरा नामांकन: भाजपा के मेयर सहित पार्षद पद के 66 प्रत्याशियों का नामांकन जमा करने मुहूर्त का ध्यान रखा गया।
आगे की स्लाइड में पढ़ें तीन ने मेयर के लिए पर्चा भरा, पार्षदों के लिए 127 नामांकन