बिलासपुर. पूर्व मेयर विनोद
सोनी सहित तीन 68 लोगों ने मेयर व पार्षद का चुनाव लड़ने के लिए जहां नामांकन फॉर्म खरीदा वहीं दस ने पर्चा दाखिल भी किया। मेयर पद के लिए उर्मिला साहू ने तो पार्षद के लिए नौ उम्मीदवारों ने फाॅर्म जमा किया।
नगर निगम चुनाव को लेकर गहमागहमी शुरू हो चुकी है। हालांकि भाजपा और कांग्रेस में किसी भी पार्टी ने अभी मेयर या पार्षद प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। इसके बाद भी नामांकन फाॅर्म खरीदने में न भाजपाई पीछे हैं और न ही कांग्रेसी। तीसरे दिन मेयर पद के लिए तीन तो पार्षद के लिए 68 लोगों ने नामांकन फाॅर्म लिए।
मेयर अशोक पिंगले की असमय मौत के बाद विनोद
सोनी को प्रभारी मेयर बनाया गया था लेकिन 2009 में मेयर की सीट महिला के लिए आरक्षित होने के बाद वे चुनाव नहीं लड़ सके। कांग्रेस की वाणी राव मेयर बनी थीं। मेयर की सीट ओबीसी के लिए आरक्षित होने के बाद सोनी दावेदारी को लेकर चर्चा में थे, लेकिन आज उन्होंने मेयर का फाॅर्म खरीदकर कयासों पर मुहर लगा दी। इधर कांग्रेस नेत्री ममता साहू के अलावा भगवती साव ने भी मेयर का फाॅर्म खरीदा। उर्मिला साहू ने मेयर के लिए तो पार्षद कृष्णा रजक की पत्नी लक्ष्मी रजक सहित आठ और उम्मीदवारों ने पार्षद पद के लिए पर्चा दाखिल किया। प्रशासन को जमानत राशि के तौर पर इनसे 52 हजार 500 रुपए मिले।
तिफरा व सिरगिट्टी में एक-एक नामांकन दाखिल: पहले चरण के चुनाव नगर पालिका परिषद् तिफरा व नगर पंचायत सिरगिट्टी में होंगे। अध्यक्ष पदों के लिए वहां एक-एक नामांकन दाखिल किए गए। वहीं पार्षद पद के लिए सिरगिट्टी में दो और नगर पंचायत सकरी में चार लोगों ने नामांकन दाखिल किए।
बिलासपुर मेयर के लिए तीन नामों का पैनल
भाजपा में बिलासपुर नगर निगम मेयर पद के लिए किशोर राय और रायगढ़ नगर निगम के मौजूदा मेयर महेंद्र चौदहा को टिकट देने खबर है। पार्टी की संभागीय चुनाव समिति की बुधवार को जिला भाजपा कार्यालय में सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चली बैठक में संभाग के तीन नगर निगमों के मेयर, पार्षद सहित नगर पालिका परिषद् के अध्यक्ष व पार्षदों के लिए के नाम फाइनल किए। दावेदारों की नाराजगी से बचने पैनल में तीन और इससे अधिक नाम शामिल किए गए हैं। पैनल में चयनित प्रत्याशियों के नाम पहले नंबर पर रखे गए हैं, बाकी नाम दावेदारों को संतुष्ट करने की गरज से जोड़े गए हैं।
जिला भाजपा कार्यालय के ग्राउंड फ्लोर पर टिकटार्थियों का हुजूम पैनल में नाम जुड़वाने की फिक्र में जुटा रहा। संभागीय चयन समिति की बैठक फर्स्ट फ्लोर पर चलती रही। बैठक में मंत्री एवं चुनाव संचालक अमर अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, उपाध्यक्ष नारायण चंदेल, गिरधर गुप्ता, महामंत्री भूपेंद्र सवन्नी, सांसद लखन साहू, बंशीलाल महतो, कमला पाटले, प्रदेश सह संगठन महामंत्री पवन साय आदि शामिल थे। समिति को मेयर के पद के लिए नामों की अनुशंसा करने तथा निगम के पार्षदों व नगर पालिका के अध्यक्ष पद के दावेदारों की टिकटें फाइनल करने का अधिकार दिया गया है, परंतु अंतिम घोषणा 12 दिसंबर को प्रदेश कार्यालय से की जाएगी।
नगर निगमों के मेयर, नगर पालिका अध्यक्षों के लिए पैनल तय
बिलासपुर नगर निगम मेयर के लिए तीन नामों का पैनल बनाने की सूचना मिली है। इसमें किशोर राय, विजय ताम्रकार के अलावा पूर्व पार्षद श्यामजी भाई पटेल, कोरबा के मेयर के लिए चित्रलेखा चंदेल, हरिकांति दुबे, रुक्मणि नायर, रायगढ़ मेयर के लिए मौजूदा मेयर महेंद्र चौदहा, जीववर्धन चौहान व महावीर गुरुजी के नाम शामिल हैं। इसी प्रकार जिले के रतनपुर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए कौशिल्या मंडलोई, तिफरा के लिए रामू साहू, मनोज साहू, जमुना कौशिक व लखन साहू के नाम पैनल में शामिल हैं। तखतपुर नगर पालिका अध्यक्ष की टिकट के लिए दावेदारों की लंबी फेहरिस्त के चलते किसी नाम पर निर्णय नहीं हो सका। संभाग के तीनों नगर निगमों के पार्षद पद के लिए 125 दावेदारों के सिंगल नाम तय किए गए हैं।
अब तक 151 ने खरीदा फाॅर्म
नगर निगम चुनाव के लिए अब तक चार मेयर तो 147 फाॅर्म पार्षद पद के लिए खरीदे जा चुके हैं। फाॅर्म जमा करने की अंतिम तारीख में अभी पांच दिन बाकी हंै। ऐसे में बड़ी संख्या में फाॅर्म खरीदे जाने की उम्मीद प्रशासन को है। राजनीतिक दलों ने अभी तक टिकट फाइनल नहीं किया है लेकिन चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवार नामांकन फाॅर्म खरीदने से खुद को नहीं रोक पा रहे हैं।