बिलासपुर. गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी का निरीक्षण करने नेशनल असेसमेंट एक्रिडिटेशन कौंसिल (नेक) की टीम 11 फरवरी को आ रही है। यह टीम यूनिवर्सिटी का प्रशासनिक,एकेडमिक और अन्य संसाधनों का निरीक्षण करेगी। कुछ दिनों पहले अकादमिक व प्रशासनिक अंकेक्षण समिति (आक) ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी का निरीक्षण किया था। नैक से निरीक्षण के बाद यूनिवर्सिटी को ए ग्रेड मिलने की संभावना जताई जा रही है।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी का निरीक्षण करने के लिए नैक की टीम 11 फरवरी को आ रही है। टीम आधारभूत संरचना, संसाधन, कोर्स अन्य स्तर पर यूनिवर्सिटी में गुणवत्ता का मूल्यांकन करेगी। यूनिवर्सिटी को बी प्लस का ग्रेड मिला हुआ है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी अपग्रेड होने के बाद नैक का यह पहला निरीक्षण है। इसके पूर्व वर्ष 2008 में नैक की टीम निरीक्षण करने आई थी तब यह स्टेट यूनिवर्सिटी थी। हाल ही में आक की टीम ने यूनिवर्सिटी की टीम का निरीक्षण किया था। आक की टीम ने एक्सीलरेटर जैसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट और पांच साल में आए बदलाव की प्रशंसा की।
इधर यूनिवर्सिटी में नैक की टीम आने को देखते हुए तैयारी भी शुरू हो गई है। सभी एचओडी को निर्देश दे दिया गया है कि वे अपने-अपने विभागों में पूरी तैयारी रखें। पिछले पांच सालों में यूनिवर्सिटी के सेंट्रल यूनिवर्सिटी में अपग्रेड होने के बाद सभी डिपार्टमेंट के लिए बिल्डिंग बन रही है। दोनों ओर फुटपाथ बन चुके हैं। बाउंड्रीवॉल का काम पूरा होने को है। हॉस्टल बनाया जा रहा है। वहीं एक्सीलरेटर के लोकार्पण की भी तैयारी है।
खूबियां हैं तो खामियां भी
यूनिवर्सिटी में पिछले पांच साल में बदलाव आया है लेकिन अब भी कई खामियां है। यूनिवर्सिटी में पिछले पांच साल में महत्वपूर्ण पदों पर पूर्णकालिक नियुक्तियां नहीं हो सकी है। इनमें रजिस्ट्रार, फाइनेंस आफिसर और एग्जाम कंट्रोलर जैसे पद हैं। यह सारे पद अन्य अधिकारियों को प्रभार देकर काम चलाया जा रहा है। यूनिवर्सिटी में कई नियुक्तियों पर भी सवाल उठाए गए हैं।