बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के खाली 966 पदों पर भर्ती करने जा रहा है। इसके लिए विज्ञापन जारी कर दिया गया है, लेकिन सैकड़ों उम्मीदवार अावेदन करने से वंचित रह जाएंगे। दरअसल, सेट का रिजल्ट अब तक नहीं निकला है। सहायक प्राध्यापक की भर्ती में सेट परीक्षा पास करना अनिवार्य होता है। लंबे समय बाद हो रही भर्ती से वे बेरोजगार वंचित रह जाएंगे, जिन्होंने सेट की परीक्षा दी है। रिजल्ट नहीं निकलने से वे समझ नहीं पा रहे हैं कि आवेदन कैसे करें।
पीएससी ने सरकारी कॉलेजों में खाली पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। लंबे समय से उम्मीदवारों को इन पदों पर भर्ती का इंतजार था। कॉलेजों में खाली पदों को भी भरा जाना है। ऐसे उम्मीदवार जिन्होंने पूर्व में स्लेट पास कर ली है, उनके लिए आवेदन देने का रास्ता साफ है। उधर, जिन्होंने कुछ समय पूर्व हुई स्लेट परीक्षा दी है, उनका रिजल्ट अब तक नहीं आया है। ऐसे में ये उम्मीदवार उधेड़बुन में हैं कि वे इन पदों के लिए आवेदन कर पाएंगे या नहीं। परीक्षा में 1000 से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। विज्ञापन जारी होने के बाद जैसे-जैसे समय गुजरता जा रहा है, वैसे-वैसे उनकी चिंता बढ़ती जा रही है।