पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Collaborated Emerged From The New Political Equation

जुगलबंदी से उभरे नए सियासी समीकरण

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह कैबिनेट के कद्दावर मंत्रियों में शुमार शहर विधायक एवं मंत्री अमर अग्रवाल तथा कृषि मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को शहर में आयोजित दो कार्यक्रमों में मंच साझा किया। वहीं मंत्री बनने के बाद पहली बार पहुंचे बृजमोहन अग्रवाल का छह से अधिक स्थानों पर जोर-शोर से स्वागत हुआ और इसमें अमर समर्थक भी शामिल हुए। सीएम के सिपहसालार माने जाने वाले दो नेताओं की ऐसी जुगलबंदी यहां पहली बार देखी गई।भाजपा सरकार के दूसरे कार्यकाल में दोनों मंत्रियों के बीच इतनी निकटता कभी नहीं देखी गई।
दोनों मंत्रियों के शहर में संयुक्त अभिनंदन के कार्यक्रम से इनके बीच घुल रही मिठास को राजनीति के नए समीकरण के रू प में देखा जा रहा है। जानकारों का कहना है कि बीते वर्षो में बृजमोहन अग्रवाल का शहर प्रवास का कार्यक्रम उनके समर्थकों तक सिमटा रहा लेकिन विधानसभा के चुनाव में पहली बार दोनों मंत्रियों के समर्थकों ने एक दूसरे को जिताने के लिए अपनी गुटीय सीमाएं लांघकर एकजुटता का परिचय दिया। नतीजतन दोनों मंत्रियों की जीत रिकार्ड वोटों से हुई। जाहिर है कि इनके बीच एका से शक्ति का नया केंद्र बनता नजर आ रहा है।
विधानसभा चुनाव निबटने के बाद अब दोनों मंत्रियों के सामने लोकसभा चुनाव का नया टास्क है। स्पष्ट है कि नरेंद्र मोदी को पीएम बनाने के लिए इन मंत्रियों को अपने अपने क्षेत्रों में दूसरी अग्निपरीक्षा देनी होगी और इसके बाद फिर भाजपा की राजनैतिक स्थिति में बदलाव होगा। राजनैतिक प्रेक्षकों की नजरें दोनों के बीच जुगलबंदी को प्रदेश की भावी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। कहना न होगा कि डा.रमन सिंह के पहले कार्यकाल में दोनों मंत्रियों की गिनती पहले दूसरे क्रम पर होती थी,परंतु भाजपा सरकार की हैट्रिक बनने के बाद ये स्थिति नहीं रही। भाजपा की राजनीति में छत्तीसगढ़ में पिछले एक दशक से मुख्यमंत्री ही शक्ति पुंज और केंद्र हैं।
एक-दूसरे की तारीफों में बंधे रहे दोनों
वैशाली नगर चौराहे पर बृजमोहन अग्रवाल के एक समर्थक ने मंत्री द्वय अमर अग्रवाल एवं बृजमोहन अग्रवाल का संयुक्त अभिनंदन का कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर अमर अग्रवाल ने रायपुर विधानसभा सीट से बृजमोहन अग्रवाल की छठवीं जीत की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी रिकार्ड वोटों से जीत से उनकी लोकप्रियता और बढ़ते जनाधार का पता चलता है। बृजमोहन अग्रवाल ने अपनी कार्यशैली के बल पर जनता के दिलों में जगह बनाई है।
तारीफों के पुल बांधते हुए उन्होंने जोड़ा कि अब तो रायपुर का नाम लेते ही बृजमोहन अग्रवाल नजर आते हैं। वे रायपुर की पहचान बन चुके हैं।वहीं जवाब में बृजमोहन अग्रवाल ने अमर अग्रवाल की सराहना में कसीदे गढ़ते हुए कहा कि जनता ने उन्हें लगातार चौथी बार चुन कर उनके कार्यो के प्रति अपना विश्वास जताया है। शहर विकास में अमर अग्रवाल ने बहुतेरे कार्य किए हैं।उन्होंने अपने अभिनंदन को जनता और कार्यकर्ताओं का सम्मान निरुपित करते हुए कहा कि वे जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि रायपुर से बिलासपुर तक दोनों के समर्थकों ने एक दूसरे लिए चुनावी मुहिम में भरपूर मेहनत की।वास्तव में नेताओं की ताकत जनता और कार्यकर्ता हैं, जो उन्हें जिताते हैं। इस मौके पर पामगढ़ के विधायक अंबरेश जांगड़े, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डा.कृष्णमूर्ति बांधी, संस्कृत विदुषी प्रो.पुष्पा दीक्षित, जिला भाजपा के गुलशन ऋषि, रामदेव कुमावत, राजेंद्र शर्मा, नरेंद्र कछवाहा, सुरेश चौहान उपस्थित थे।