बिलासपुर. आईपीएल क्रिकेट मैच के दौरान सट्टा खिला रहे खाईवाल सहित तीन युवकों को पुलिस के साइबर सेल ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक सरकंडा क्षेत्र के निरतू में नदी किनारे झोपड़ी से सट्टे का कारोबार चला रहे थे। गुरुवार रात साइबर सेल ने वहां छापेमारी की।
पकड़े गए युवकों से 1,61,400 रुपए, रंगीन टीवी, लैपटॉप, 16 नग मोबाइल, डिस्क कनेक्शन सेटअप बॉक्स व कैलकुलेटर जब्त किया गया है। मंगला के धुरीपारा का विमल कश्यप पिता रामदास (25 वर्ष), उसके साथी मंगला के ही कमल किशोर टेकाम पिता रामलखन (20 वर्ष) और गोविंद सोनी पिता सुरेश कुमार (24 वर्ष) काफी समय से क्रिकेट में सट्टा खिला रहे हैं। गुरुवार रात वे आईपीएल में किंग्स इलेवन और पंजाब एवं राजस्थान रायल्स के बीच होने वाले क्रिकेट मैच में सट्टा खिला रहे थे। इसकी सूचना साइबर सेल को मिली। एडीशनल एसपी अभिषेक मीणा के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने अरपा किनारे निरतू रेत घाट पर गोविंद सोनी को पकड़ा।
वह सट्टे की रकम लेकर जा रहा था। उसके पास 161400 रुपए नगदी रकम मिला। पूछताछ में उसने अपने साथियों के बारे में बताया। इस पर पुलिस ने निरतू रेत घाट के पास बने एक झोपड़ी में दबिश दी। यहां विमल कश्यप और कमल किशोर को सट्टा पट्टी लिखते पकड़ा गया। वे मोबाइल पर बुकिंग कर सट्टे की रकम लिख रहे थे। पुलिस ने इस सट्टा खिलाने वाले इन युवकों के ठिकाने से कलर टीवी, 16 नग मोबाइल फोन, लैपटॉप, डिस्क कनेक्शन सेटअप बॉक्स, कैलकुलेटर आदि जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में साइबर सेल के एसआई प्रभाकर तिवारी, एएसआई हेमंत आदित्य, हेड कांस्टेबल अशोक कश्यप, कांस्टेबल हेमंत सिंह, बलवीर सिंह, राजेश्वर क्षत्रिय, जय साहू, शोभित केंवट, विकास यादव, राहुल सिंह आदि शामिल रहे।
बिजली गुल होने पर इनवर्टर की सुविधा : पुलिस से बचने के लिए युवकों ने सुनसान इलाके में नदी किनारे अपना ठिकाना बना रखा था। इस झोपड़ीनुमा मकान में सारी सुविधाएं जुटा रखी थीं। बिजली गुल होने पर वे इनवर्टर के जरिये लैपटाप व टीवी चलाते थे। इसी से मोबाइल की बैटरी किया करते थे।
12 करोड़ की सट्टा-पट्टी
आरोपियों के पास 12 करोड़ रुपए की सट्टा पट्टी मिली है। इलाके में बड़े पैमाने पर चल रहे इस कारोबार से पुलिस भी सकते में है। आरोपियों ने पूछताछ में शहर के ऐसे कई लोगों के नाम बताए हैं जो सट्टे के कारोबार से जुड़े हैं। साइबर सेल टीम ऐसे लोगों को निगरानी में ले लिया है। उनके मोबाइल का कॉल डिटेल खंगाल जा रहा है।