पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

धान खरीदी में फर्जीवाड़ा की आशंका

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. मार्कफेड के डीएमओ ने कलेक्टर को एक ऐसा पत्र लिखा है जिसने पूरे सहकारिता महकमे में खलबली मचा दी है। पत्र में सोसायटियों में की जा रही धान खरीदी को लेकर न केवल संदेह जताया गया है बल्कि फर्जीवाड़े की ओर इशारा भी किया गया है। पत्र के साथ 14 खरीदी केंद्रों में पिछले साल और इस साल की खरीदी की सूची भी अटैच है।
नया साल शुरू होते ही धान खरीदी में अचानक तेजी आ गई है। रोज औसत 25 से 27 हजार क्विंटल धान की खरीदी हो रही है। खरीदी का टारगेट पूरा होने में कोई संदेह नहीं है लेकिन इसी बीच मार्कफेड के डीएमओ एपी त्रिपाठी ने कलेक्टर को पत्र लिखकर हड़कंप मचा दिया है।
उन्होंने पत्र में स्पष्ट रूप से कहा कि कृषि विभाग के मुताबिक इस बार धान की पैदावार कम हुई है बावजूद इसके खरीदी केंद्रों में पिछले साल की कुल खरीदी से ज्यादा खरीदी की जा चुकी है। इससे धान खरीदी में संदेह उत्पन्न होता है। 21 जनवरी तक 14 केंद्रों में हुई खरीदी की सूची पत्र के साथ अटैच कर उन्होंने इस संबंध में आदेश देने का आग्रह किया है। पत्र (क्र.2309) में उन्होंने फर्जीवाड़ा की ओर इशारा किया है लेकिन सरकारी पत्र की गरिमा और भाषा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इसे स्पष्ट नहीं किया है।
पत्र से लगता है कि उन्हें संदेह नहीं बल्कि पूरा यकीन है कि खरीदी केंद्रों में धान के नाम पर फर्जीवाड़ा हो रहा है। हालांकि यह बात उन्होंने लिखी नहीं है। सूत्रों के मुताबिक कलेक्टर ने पत्र को गंभीरता से लिया है और जल्दी ही इसे लेकर वे अपनी राय स्पष्ट कर सकते हैं। इधर इस पत्र की प्रतिलिपि मिलने के बाद सहकारिता महकमे में खलबली मच गई है। सहकारी बैंक के अलावा खरीदी केंद्रों में इस पत्र को लेकर चर्चा हो रही है।
अटकलों का बाजार तब तक गर्म रहेगा जब तक कलेक्टर इस पत्र को लेकर अपनी राय स्पष्ट न कर दें। सहकारिता से जुड़े अधिकारी द्वारा धान खरीदी में आशंका जताने वाला यह पहला पत्र है। इससे पहले किसी भी अधिकारी ने ऐसा पत्र कलेक्टर को नहीं लिखा है।
32.64 क्विंटल की खरीदी
इधर जिले में धान खरीदी अपने चरम पर है। 38 लाख क्विंटल धान खरीदने का टारगेट है। 88040 किसानों से 24 जनवरी तक 32 लाख 64 हजार 994 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। सबसे ज्यादा करीब 15 लाख क्विंटल मोटा धान की खरीदी की गई है जबकि 13 लाख क्विंटल पतला तो पौने पांच लाख क्विंटल सरना धान की खरीदी हुई है।
इन केंद्रों में जताया संदेह
केंद्र 2012-13 में कुल खरीदी 2013-14 में खरीदी
खम्हरिया 12359.60 12622.40
रतनपुर 15742.80 16098.80
तखतपुर 25689.80 26408.20
ढनढन 40813.60 41583.20
नगोई 20934.40 22339.20
सेंदरी 29757.06 31334.20
पुरैना 18996.80 20678.80
जरौंधा 30292.80 32974.40
पोड़ी 25026.60 27948.40
लालपुर 50785.20 54033.40
देवरी 19571.20 24520.80
कुआं 30386.40 35807.80
भर्कुरा नवागांव 15241.20 21566
गिरधौना-पंचबहरा 49738.80 61610
कुल 385336.26 429523.60 (मात्रा क्विंटल में)