पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • कचरा डंप करने पर डेढ़ लाख जुर्माना, डायरिया पर रही निगम की टीएल बैठक

कचरा डंप करने पर डेढ़ लाख जुर्माना, डायरिया पर रही निगम की टीएल बैठक

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर। व्यापार विहार में कचरा डंप करने पर प्रतिबंध लगाने के बावजूद डंपिंग जारी है। प्रतिबंध का उल्लंघन करने के मामले में निगम प्रशासन ने तीन सफाई ठेकेदारों सतीश सिंह, संदीप राय व मनीष शर्मा पर 50-50 हजार रुपए पेनाल्टी लगाने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य अधिकारी से कहा गया है कि व्यापार विहार क्षेत्र व पानी टंकी के आस-पास कचरा डंप न होने दें, नहीं तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

निगम के विकास भवन सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित टीएल बैठक डायरिया की बीमारी के उपचार तथा फैलाव रोकने के लिए एेहतियात के उपाय करने पर केंद्रित रही। निगम कमिश्नर रानू साहू ने हैल्थ आॅफिसर को वार्ड क्रमांक 12 तालापारा सहित मेलापारा, चिंगराजपारा, गणेश नगर, गुरु घासीदास नगर सहित अन्य स्लम क्षेत्रों की नियमित सफाई करवाने, नाले-नालियों की सफाई के बाद निकाले गए कचरे व मलबे को तत्काल हटवाने के लिए कहा। तालापारा तालाब की सफाई के निर्देश दिए।
स्लम एरिया में हैल्थ कैंप लगेंगे, इंजीनियर भी ड्यूटी देंगे
कमिश्नर ने सभी स्लम क्षेत्रों में पानी का सैंपल लेकर पीएचई और प्रदूषण निवारण मंडल की लैब में टेस्ट करवाने के लिए कहा है। इसके साथ ही सभी बोरिंग में क्लोरीनेटर लगाने व जिन क्षेत्रों में क्लोरिन की मात्रा कम हो, वहां डोज बढ़ाने के निर्देश दिए। हैल्थ आॅफिसर को उन्होंने पांच स्लम एरिया में स्वास्थ्य शिविर लगाने के साथ ही डायरिया से बचाव के लिए लाउड स्पीकर से प्रचार-प्रसार करने लोगों की जागरूकता के लिए फ्लैक्स, बैनर लगाने के लिए कहा।
नाली के अंदर से गुजरी पाइप लाइन बदली जाएगी
कमिश्नर ने नाली के नीचे या बाजू से गुजरी पाइप लाइनों का सर्वे करवाने और इनमें लीकेज होने पर उसे दुरुस्त कर नई पाइप लाइन डालने के निर्देश दिए। बैठक में अधीक्षण अभियंता भागीरथी वर्मा ने बताया कि नई पाइप लाइन बिछाने के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। कमिश्नर ने हर जोन के अधिकारी को स्वास्थ्य शिविर में सुबह-शाम एक घंटा रहने और स्वास्थ्य अधिकारी को डोर टू डोर क्लोरिन टेबलेट बंटवाने के लिए कहा है। इसके साथ ही शहर की सभी पानी टंकियों की सफाई के निर्देश दिए। जरूरी दवाइयाें, क्लोरीनेटर आदि की खरीदी तत्काली करने के निर्देश दिए।