पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Gas Agencies Proclaim Prime Minister Jan dhan Yojna

गैस एजेंसियां कर रहीं प्रधानमंत्री जन-धन योजना का प्रचार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. प्रधानमंत्री जन-धन योजना में खाता खुलवाने के लिए अब गैस एजेंसियों की मदद ली जा रही है। उन्हें निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं को योजना के बारे में बताएं, उन्हें खाता खुलवाने के लिए प्रेरित करें। स्थानीय एजेंसियों ने इसके तहत प्रचार शुरू कर दिया है। इसका एक पहलू यह भी है कि आने वाले दिनों में इसी योजना के तहत कैश सब्सिडी का लाभ गैस उपभोक्ताओं को दिया जाएगा।

बिलासपुर जिले में 4.50 लाख परिवारों के करीब नौ लाख खाते खोले जाने हैं। हर परिवार से एक महिला व एक पुरुष का खाता होना चाहिए। भारतीय स्टेट बैंक, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक सहित अन्य बैंकों द्वारा पहले दिन से रोजाना सैकड़ों खाते खोले जा रहे हैं। इसके लिए शहर व जिले के कई स्थानों पर कैंप लगाए गए हैं। यहां नागरिकों की भीड़ उमड़ रही है। इधर, सरकार को लगता है कि लक्ष्य पूरा नहीं होगा, इसलिए गैस एजेंसियों को प्रचार करने कहा गया है।
गौरतलब है कि एक साल पहले पेट्रोलियम मंत्रालय ने देश के 18 जिलों में कैश सब्सिडी योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत घरेलू गैस की सब्सिडी सीधे उपभोक्ताओं के बैंक एकाउंट में ट्रांसफर की जाती है। जन-धन योजना के तहत खोले जा रहे खातों में ही आने वाले दिनों कैश सब्सिडी का लाभ देने की तैयारी है। इसी वजह से गैस एजेंसियों को योजना के प्रचार का हिस्सा बनाया गया है।
आप ऐसे खुलवाएं खाता
खाता खुलवाने आधार कार्ड या मनरेगा जॉब कार्ड, वोटर आईडी, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, बिजली या टेलीफोन बिल, जन्म या विवाह प्रमाण-पत्र, सरपंच का लिखा पहचान-पत्र या किसी मान्यता प्राप्त संस्था का पहचान-पत्र मान्य है। इनमें एक पहचान-पत्र और खाताधारक का फोटो अनिवार्य है। बैंक अधिकारी एक फॉर्म देगा जिसमें सभी जानकारियों का विवरण लिख दें। ध्यान रखें कि यह खाता जीरो बैलेंस यानी बिना रुपए जमा किए खोला जाएगा। अगर कोई पैसे मांगता है तो इसकी शिकायत कर सकते हैं।
जिले में ढाई लाख उपभोक्ता

जिले में घरेलू गैस के ढाई लाख उपभोक्ता हैं। अगर हर उपभोक्ता जन-धन योजना के तहत खाता खुलवाता है तो उसके खाते में कैश सब्सिडी की रकम आने वाले दिनों में सीधे जमा की जा सकती है।
उपभोक्ताओं में उत्साह

अधिकांश उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी नहीं है। जब उन्हें खासियत और फायदे के बारे में बताया जा रहा है तो वे उत्साहित नजर आ रहे हैं। - विजय कृष्ण अग्रवाल, संचालक वर्तिका इंडेन
ये सुविधाएं मिलेंगी

- खाता खुलवाने पर एक लाख रुपए का दुर्घटना बीमा की सुरक्षा मिलेगी।
- एक डेबिट कार्ड मिलेगा, जिससे आप एटीएम से रकम निकाल सकेंगे।
- 30 जनवरी 2015 के पहले खाता खुलवाने पर 30 हजार रुपए का जीवन बीमा मिलेगा।
- छह माह बाद ढाई हजार रुपए और उसके छह माह बाद इतनी ही रकम एकाउंट पर मिलेगी।