पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सरकार ने किसानों को फिर से छला, वादा किया 15 का खरीद रही है 12 क्विंटल

सरकार ने किसानों को फिर से छला, वादा किया 15 का खरीद रही है 12 क्विंटल

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पेण्ड्रा / बिलासपुर। प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान खरीदी का ढ़िंढोरा सरकार भले ही पीट रही हो पर खरीदी केंद्रों के कंप्यूटर का साॅफ्टवेयर प्रति एकड़ अधिकतम सिर्फ 12 क्विंटल तक ही धान की मात्रा दर्ज कर रहा है क्योंकि शासन ने साॅफ्टवेयर में धान खरीदी की जो मात्रा दर्ज की है वह प्रति हेक्टेयर 30 क्विंटल तक है।

धान खरीदी के मामले में प्रदेश के किसान एक बार फिर छले गए हैं। पहले सरकार ने 14 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की मात्रा घटाकर 10 क्विंटल प्रति एकड़ धान तय की। पर कांग्रेस व किसानों के विरोध, नगरीय निकाय व पंचायत चुनाव के चलते सरकार बैकफुट पर आई। उसने घोषणा की कि अब प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान खरीदा जाएगा। 15 क्विंटल प्रति एकड़ की खरीदी की बात सुनकर किसानों का गुस्सा ठंड़ा पड़ गया था और वे अपना धान बेचने खरीदी केंद्र तक पहुंचने लगे। पर धान तौलाने के बाद जब कंप्यूटर में दर्ज करने की नौबत आती है तो उसका सॉफ्टवेयर प्रति एकड़ सिर्फ 12 क्विंटल धान ही स्वीकार कर रहा है। 12 क्विंटल धान की सीमा सिर्फ समितियों के कर्जदार किसानों के लिए ही नहीं है बल्कि सभी किसानों के लिए है।

अब केंद्र में 12 क्विंटल खरीदी देखकर किसानों का उत्साह फिर काफूर हो गया है और वे सरकार को कोसने लगे हैं। क्योंकि जो किसान प्रति एकड़ 15 क्विंटल धान लेकर समितियों में पहुंच रहे हैं उन्हें प्रति एकड़ 3 क्विंटल धान घर वापस लाना पड़ रहा है। उन्हें इसे लाने-ले जाने का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। इससे उनमें रोष है। धान खरीदी केंद्र कोडगार के प्रभारी विनय साहू व खरीदी केंद्र गौरेला के प्रभारी हेमराय साहू ने बताया कि सिस्टम पहले 10 क्विंटल प्रति एकड़ का खरीदी स्वीकार कर रहा था। अब 12 क्विंटल प्रति एकड़ लोड़ ले रहा है। उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है।
राज्य सरकार की झूठी घोषणा

छत्तीसगढ़ सरकार ने 15 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की झूठी घोषणा की है। खरीदी केंद्र में रखे गए कंप्यूटर का साॅफ्टवेयर प्रति एकड़ सिर्फ 12 क्विंटल धान दर्ज कर रहा है। बाकी धान उन्हें वापस घर लाना पड़ रहा है। इससे किसान निराश हैं।
-राजा उपेंद्र बहादुर सिंह,
किसान ग्राम खरड़ी पेण्ड्रा

किसानों काे ठग रही सरकार
किसानों को समझना चाहिए कि राज्य सरकार उन्हें पग-पग पर ठग रही है। घोषणा 15 क्विंटल धान की और खरीद रही है 12 क्विंटल धान। इससे स्पष्ट है कि सरकार की कथनी और करनी में फर्क है। सरकार को 15 क्विंटल धान खरीदना चाहिए। साथ ही किसानों को बोनस भी देना चाहिए।
-ओमप्रकाश जायसवाल,
पूर्व उपाध्यक्ष, प्रदेश किसान कांग्रेस