पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • January 23 Was Missing, It Was So Shocking Encounters

23 जनवरी से था लापता, मिला तो सामने आई चौकाने वाली यह बात

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले नौ साल के तुषार सिंह ठाकुर को बिलासपुर से अगवा कर हत्या की साजिश का पर्दाफाश हो गया है। पुलिस ने हत्या की कोशिश में शामिल उसकी सौतेली मां देववती और मां के चाचा राजा उर्फ नाना को हिरासत में ले लिया है। राजा बच्चे को लेकर बेमेतरा जिले के ग्राम अंधियारखोर आ गया और खेत में बच्चे का गला घोट दिया। बेहोश हो गए तुषार को मरा समझकर राजा वहां से भाग निकला। शनिवार सुबह गांव के लोगों को यह बच्चा मिला। घायल बच्चे के बयान से सारा केस सामने आ गया। बिलासपुर शहर के सरकंडा इलाके में रहने वाला तुषार 23 जनवरी से लापता था। अधियारखोर गांव में रहने वाले किसान मनीराम साहू ने आज सुबह सबसे पहले तुषार को देखा। वह खेत में सिंचाई करने जा रहा था। अन्य ग्रामीणों के साथ उसने बच्चे को एंबुलेंस में बेमेतरा के सरकारी अस्पताल भेजा।
अस्पताल में ही तुषार ने पुलिस और बेमेतरा के नायब तहसीलदार को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस ने देववती और नवागढ़ में रहने वाले उसके रिश्तेदार राजा को हिरासत में ले लिया। तुषार बिलासपुर के अंकित विद्यालय में तीसरी कक्षा में पढ़ता है। बच्चे ने बताया कि 23 जनवरी को सुबह 8 बजे रोज की तरह स्कूल जाने के लिए निकला था। रास्ते में मिले राजा उर्फ नाना ने चाकलेट खिलाने का लालच देकर उसे अगवा कर लिया। टैक्सी में उसे लेकर आरोपी घूमता रहा। शुक्रवार शाम को नशीला पदार्थ खिलाकर उसने बच्चे को बेदम पीटा और टाई से गला घोंटने की कोशिश की। सांस रुक जाने से तुषार बेहोश हो गया। शनिवार सुबह उसे होश आया, तो वह खेत में पड़ा हुआ था।
घटना के दिन ही तुषार के पिता महेश ने सरकंडा थाने में बेटे के अपहरण की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी।
बिलासपुर के सरकंडा थाने के अनुसार देववती ने तुषार को रास्ते से हटाने के लिए अपने चाचा को सुपारी दी थी। देववती के पड़ोस में रहने वाले युवक से रिश्तों का पता बच्चे को चल गया था। बच्च उसे मां कहकर नहीं बुलाता था, यह बात भी देववती को खलती थी। दूसरा आरोपी राजा एड्स का मरीज है। उसके इलाज का पूरा खर्च देने का भरोसा दिलाकर महिला ने उसे बच्चे की हत्या के लिए तैयार किया।
बच्चे की हालत गंभीर
बेमेतरा सरकारी अस्पताल में तुषार का उपचार कर रही चिकित्सक डॉ. निधि मेश्राम ने बताया कि बच्चे की हालत स्थिर है। पूरे शरीर में गंभीर चोट है। गला, कान व आंख पर भी चोट लगी हुई है। एक आंख जख्मों की वजह से बंद हो गई है। पेट व पीठ पर भी खरोंच के निशान हैं। कान से खून बह रहा है। उन्होंने बताया कि बच्चे को कुछ नशीला पदार्थ खिलाकर मारपीट की गई है। अभी प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। अंदरूनी चोट काफी है। इसलिए सिटी स्कैन के लिए रायपुर मेकाहारा भेजा जा रहा है।