बिलासपुर. सरकंडा थाना क्षेत्र के ग्राम नगोई में रिटायर्ड पोस्ट मास्टर की किसी ने बुधवार की रात हत्या कर दी। वृद्ध रात को अपने घर से मवेशी ढूंढ़ने के लिए निकला था, गुरुवार की सुबह गांव से बाहर खेत में अर्धनग्न हालत में लाश पाई गई। सिर व आंखों पर चोट थी और बनियान से गला भी दबाया गया था। पुलिस को हत्यारों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है।
नगोई बैमा निवासी 67 वर्षीय रामस्वरूप बरगाह पिता रामलखन रिटायर्ड पोस्ट मास्टर थे। बुधवार की शाम 6.30 बजे वे अपने घर से भैंस ढूंढ़ने के लिए निकले थे। इसके बाद लौटकर नहीं आए।
सुबह रामस्वरूप की लाश गांव से बाहर अंधरी तालाब के करीब एक खेत में पाई गई। किसी ने उनकी हत्या कर दी थी। सिर व आंखों पर गंभीर चोट के निशान मिले। इसी तरह गले पर बनियान बंधा था। संभवत: इसी से गला दबाया गया था।
बाकी कपड़े भी शव के पास ही पड़े हुए मिले। गांव के लक्ष्मण साहू ने इसकी जानकारी रामस्वरूप के भाई पंचराम बरगाह को दी। पंचराम ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले में धारा 302 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। अभी तक हत्यारों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है। जांच चल रही है।
किसी से नहीं थी दुश्मनी, एक मामले में गवाह थे
रामस्वरूप की गांव में किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। दो सगे भाइयों के जमीन संबंधी झगड़े में जब पुलिस ने जब्ती की कार्रवाई की थी तो उन्हें गवाह जरूर बनाया था। रामस्वरूप की दो बेटियां हैं। एक की शादी हो चुकी है तो दूसरी घर पर ही रहती है।
सूचना देने के चार घंटे बाद पहुंचे पुलिस अफसर
सरकंडा पुलिस को ग्रामीणों ने हत्या की सूचना सुबह 7 बजे ही दे दी थी। इसके बाद भी थाने से मौके पर कोई नहीं पहुंचा। सुबह करीब 11 बजे सरकंडा टीआई व एएसपी सिटी प्रशांत कतलम नगोई पहुंचे और जांच शुरू की। देर रात तक किसी तरह का सुराग नहीं मिल सका था।