बिलासपुर। गांधी चौक पर बिना पार्किंग के चल रहे भाजपा नेता के बार और दो होटल मंगलवार को सील कर दिए गए। निगम के अमले ने यह कार्रवाई पुलिस बल की मदद से की। तीनों भवनों में पार्किंग के लिए कोई इंतजाम नहीं होने पर निगम के बिल्डिंग सेक्शन ने इनके संचालकों को नोटिस दिया था। नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। होटल व बार संचालकों ने कार्रवाई का विरोध किया और रसूखदारों से
मोबाइल पर कॉल करवा कर कार्रवाई रोकने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने इनकी एक नहीं सुनी।
मुख्य मार्ग के होटल, बार और काॅम्प्लेक्स आदि में पार्किंग का इंतजाम नहीं होने से वाहन सड़क पर ही खड़े कर दिए जाते हैं। इससे बार-बार ट्रैफिक रुकने और जाम लगने से आम पब्लिक परेशान होती है। निगम प्रशासन ने ट्रैफिक दुरुस्त करने के लिए बगैर पार्किंग चलने वाले संस्थानों के खिलाफ बिना भेदभाव के कार्रवाई करने के
संकेत दिए। गांधी चौक पर जिस टाॅप एंड टाउन बार काे सील किया गया, उसका लाइसेंस भाजपा नेता गुलशन ऋषि के नाम पर है।
वे भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य हैं। गुलशन ने बताया कि बार का लाइसेंस उनके नाम पर है, लेकिन इसका संचालन अमोलक सिंह भाटिया करते हैं। बिल्डिंग किराए पर ली गई है। निगम की ओर से उन्हें कोई नोटिस नहीं मिला है। कार्रवाई में निगम के कार्यपालन अभियंता वीके खेत्रपाल,
पीके पंचायती, सौमित्र श्रीवास्तव, अतिक्रमण उन्मूलन दस्ते के प्रभारी प्रमिल शर्मा, संतोष वर्मा आदि शामिल थे।
और भी हैं बिना पार्किंग और नियमविरुद्ध निर्माण वाले काॅम्प्लेक्स
नगर निगम द्वारा बिना पार्किंग या नियमविरुद्ध निर्माण के मामले में मंगलवार को जिन स्थानों पर कार्रवाई की, उनसे लगी कई दुकानें, काॅम्प्लेक्स व होटलों में भी नगर पालिक निगम अधिनियम का उल्लंघन किया जा रहा है। तारबाहर के केजीएन काॅम्प्लेक्स के सामने श्यामा होटल, रसोई रेस्टोरेंट और केजीएन काॅम्प्लेक्स के दोनों ओर की दुकानों में पार्किंग का कोई इंतजाम नहीं है। कुछ ने भवन से काफी दूर पार्किंग का बोर्ड लगा दिया है। इनके विरुद्ध नियमविरुद्ध निर्माण की शिकायत भी है, लेकिन पूरे शहर में जब-जब निगम की कार्रवाई हुई, अमला यहां तक पहुंचा ही नहीं। इसी तरह, पुराना हाईकोर्ट रोड, गांधी चौक और एक्सचेंज रोड के कई काॅम्प्लेक्स परमिशन व पार्किंग इंतजाम के बिना चल रहे हैं।
चार संस्थानों पर कार्रवाई होता रहा विवाद, हंगामा
निगम अमले ने आज जिन होटल व बार में सीलिंग की कार्रवाई की, उनमें टॉप एंड टाउन बार के अलावा केजीएन काॅम्प्लेक्स तारबाहर स्थित शिवा बार, तेलीपारा रोड पर बामलिया इलेक्ट्रिकल्स और पुराने बस स्टैंड रोड टेलीफोन एक्सचेंज के पास होटल जेबीइन शामिल हैं। तारबाहर केजीएन काॅम्प्लेक्स की सीलिंग के दौरान बार के मैनेजर का निगम अफसरों से काफी विवाद हुआ। इसी तरह होटल जेबीइन के संचालक जसपाल सेठी ने नक्शा दिखाते हुए होटल के बगल में जगह छोड़ने की जानकारी दी। बिल्डिंग अाॅफिसर वीके खेत्रपाल ने उन्हें निगम कार्यालय पहुंचकर कागजात पेश करने के लिए कहा। केजीएन काॅम्प्लेक्स व बामलिया इलेक्ट्रिकल्स के संचालक फ्रंट पर नहीं आए। निगम की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक अनुमति के विपरीत निर्माण पर तारबाहर चौक पर मोना अजीज के केजीएन होटल व बार, गांधी चौक पर टाॅप एंड टाउन बार, तेलीपारा रोड पर बामलिया इलेक्ट्रिकल्स व एक्सचेंज रोड के होटल जेबीइन को सील किया गया।