पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शिक्षा विभाग हुआ हाईटेक, डीईओ को वॉट्सएप पर रिपोर्ट देंगे अफसर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. स्कूलों की जांच के लिए अधिकारियों का एजु ग्रुप बनाया गया है, जो हर दौरे के बाद जांच रिपोर्ट वॉट्सएप के जरिए डीईओ को देगा। मैनुअल तरीके से जांच रिपोर्ट भेजने की परंपरा को बंद कर डीईओ हेमंत उपाध्याय ने यह व्यवस्था की है। इससे समस्याओं के निपटारे में तेजी आएगी।
डीईओ ने राजीव गांधी शिक्षा मिशन सर्व शिक्षा अभियान के सभी ब्लॉक समन्वयक की बैठक ली। इसमें शिक्षा में गुणवत्ता लाने के लिए समय पर स्कूल लगाने के निर्देश दिए गए। समय पर स्कूल लग रहा है या नहीं, इसकी जांच की जिम्मेदारी बीआरसी को दी गई है। वे जांच कर रिपोर्ट वॉट्सएप के जरिए डीईओ को देंगे। जिला स्तर पर इसके लिए सहायक परियोजना समन्वयक एमटी आलम को नोडल अधिकारी बनाया गया है। व्यवस्था सफल हो इसके लिए अधिकारियों का एजु ग्रुप बनाया गया। बीआरसी को शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार स्कूल का संचालन नहीं होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
सादे कागज पर शिक्षक के दस्तखत से नाराजगी

तखतपुर ब्लॉक के बीआरपी दिनेश राजपूत ने 18 सितंबर को शासकीय प्राथमिक शाला चुलघट का निरीक्षण किया। इस दौरान वहां पदस्थ सहायक शिक्षक पंचायत प्रवीण पाठक मौजूद नहीं था। सादे कागज पर उसका दस्तखत स्कूल में पाया गया। इस पर नाराजगी जताते हुए डीईओ ने उस दिन का अवैतनिक अवकाश देने के निर्देश दिए।
लिपिक 10.30 बजे से ही आएंगे काम पर

पूर्व में लिपिकों को भी सुबह 7.30 से दोपहर 12 बजे और सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक स्कूल आने के निर्देश दिए गए थे। इसके खिलाफ लिपिकों ने आवाज बुलंद की थी और नौबत हड़ताल तक आ गई थी। इस आदेश को पलटते हुए डीईओ ने लिपिकों को सुबह 10.30 से शाम 5 बजे तक काम करने के निर्देश दिए हैं।