पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे चल रहा है बैगानटोला का प्राइमरी स्कूल, पढ़ाई ठप

सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे चल रहा है बैगानटोला का प्राइमरी स्कूल, पढ़ाई ठप

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गौरेला/ ब‍िलासपुर। हर्री के बैगानटोला का प्राइमरी स्कूल पिछले दो साल से सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे में चल रहा है। वही शिक्षक पांचों कक्षाअों के बच्चों को पढ़ा रहा है। अब जबकि परीक्षाएं सिर पर हैं, बच्चे इस बात से परेशान हैं कि पढ़ाई कैसे करें और कोर्स पूरा नहीं होने के कारण परीक्षा कैसे दिलाएंगे। यहां पिछले लगभग दो साल से अपनी ड्यूटी से एक शिक्षाकर्मी नदारद है वह मेडिकल पर रहकर हर माह तनख्वाह भी ले रहा है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारी द्वारा उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
मामला ग्राम हर्री के बैगानटोला के प्राइमरी स्कूल का है। 27 बच्चों की दर्ज संख्या वाले इस बैगा बाहुल्य छात्रों के स्कूल में वैसे तो दो शिक्षाकर्मी पदस्थ हैं। पर 12 जनवरी 2011 को हुई अपनी पदस्थापना के एक साल बाद से एक शिक्षाकर्मी लगातार ड्यूटी से नदारद है। तब से यह स्कूल एक शिक्षक के भरोसे चल रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

कई बार ग्रामीण इसकी शिकायत बीईओ से कर चुके हैं। फिर भी शिक्षक पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। इतना ही नहीं ड्यूटी से नदारद रहने के बावजूद यह शिक्षाकर्मी मेडिकल सर्टिफिकेट के आधार पर पिछले दो साल से हर माह अपनी तनख्वाह ले रहा है। अब बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी परेशान हैं कि स्कूल में कोर्स कैसे पूरा होगा अौर बच्चे पास कैसे होंगे।
हैंडपंप के पास कीचड़, फिसलकर गिर जाते हैं बच्चे
प्राइमरी स्कूल के सामने स्थित हैंडपंप के पास पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने व हौदी नहीं बनाने से हैंडपंप के आसपास कीचड़ हो जाता है। इससे पानी पीने आने वाले बच्चे अक्सर गिरकर घायल हो जाते हैं। वहीं कपड़े गंदे होने से उन्हें घर जाना पड़ता है। गंदगी के कारण वहां मच्छर पनपने लगे हैं। इसके कारण हैंडपंप से पानी लेने वाले बच्चों को संक्रामक बीमारी होने की आशंका है। ऐसा नहीं है कि इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को नहीं है पर वे शायद इस ओर वे कुछ करना नहीं चाहते।