पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Passenger Travelling In Duranto Express With Dog

दूरंतो के एसी कोच में लाया कुत्ता, 'स्टेशन' में घुमाते टेंशन

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. दूरंतो एक्सप्रेस के एसी कोच में एक परिवार अपना पालतू कुत्ता लेकर सफर कर रहा था। ट्रेन सुबह 10.20 बजे बिलासपुर स्टेशन पहुुंंची तो परिवार का एक सदस्य कुत्ते को "मॉर्निंग वाॅक' करवाने प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर उतरा। महिला टीटीई ने यह देखकर टोका तो वह यात्री झगड़ने लगा। उसने अंदर से महिलाओं को भी बुला लिया। वे टीटीई के साथ धक्का-मुक्की करने लगीं। इस दौरान ट्रेन करीब 15 मिनट तक प्लेटफाॅर्म पर रुकी रही। ऐसे में बाकी यात्री परेशान होते रहे।

दूरंतो एक्सप्रेस के कोच एचए-1 में एक परिवार सफर कर रहा था। साथ में उनका पालतू कुत्ता भी था। गाड़ी बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर ठहरी। लंबी दूरी के स्टॉपेज को देखते हुए कुत्ते को मॉर्निंग वॉक करवाने के लिए रेलवे स्टेशन पर उतारा गया। यात्री कुत्ते को लेकर इधर-उधर टहलने लगा। कुत्ते को गंदगी फैलाते देख एसीएम स्क्वॉड की टीटीई अंजली बनर्जी ने यात्री को रोककर पूछताछ की।
बनर्जी ने उनसे कहा कि कुत्ते को इस तरह एसी कोच में अपने साथ ले जाना रेलवे नियमों के खिलाफ है। यह सुनते ही यात्री भड़क गया। वह टीटीई से ही झगड़ने लगा। इस बीच अन्य परिजन जिनमें महिलाएं भी थीं, बोगी से बाहर आ गईं। टीटीई बनर्जी और उनके बीच बहस होने लगी। धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। ऐसा देख बाकी टीटीई भी इकट्ठा हो गए और प्लेटफाॅर्म पर हंगामा होने लगा। हंगामे की वजह से ट्रेन करीब 15 मिनट तक आगे नहीं बढ़ पाई।
दूरंतो का अगला स्टाॅपेज बिलासपुर के बाद सीधे टाटा नगर में था। हाल ही में ऐसी ही एक घटना और हुई थी। इसकी शिकायत स्टेशन मास्टर से करने पर उन्होंने टीटीई को साफ कर दिया था कि इसकी जानकारी पहले उन्हें क्यों नहीं दी गई। इसी वजह से टीटीई ने ट्रेन को जाने दिया। इधर, आश्चर्य की बात है कि एसी कोच में सवार यात्रियों में से भी किसी ने इसकी शिकायत नहीं की। बोगी में ड्यूटी करने वाले टीटीई ने भी लापरवाही बरती।
ब्रेकयान में रखना था

सफर के दौरान पालतू जानवरों को ब्रेक यान से ले जाने का नियम है। इसके लिए अनुमति लेनी होती है। संबंधित परिवार ने इसका उल्लंघन किया, उस पर भी हुज्जतबाजी करने लगे, इस वजह से विवाद बढ़ा।