पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • मामा के घर पढ़ रहे मासूम को देखने आ रही मां की सड़क हादसे में मौत

मामा के घर पढ़ रहे मासूम को देखने आ रही मां की सड़क हादसे में मौत

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर। मस्तूरी में मामा के घर रहकर पढ़ाई कर रहे मासूम को देखने आ रही मां की सड़क हादसे में मौत हो गई। मासूम से मिलने की इच्छा जाहिर करने पर पति उसे साइकिल में बैठाकर ला रहा था। घर से महज कुछ ही दूर ट्रक ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में महिला पहिए के नीचे आ गई और उसकी मौत हो गई।

मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम चौहा निवासी रजनी राय पति प्रदीप कुमार 24 वर्ष का 6 साल का बेटा अपने मामा मनीराम कुर्रे के घर मस्तूरी में रहकर पढ़ता था। बुधवार को महिला को उसे देखने की इच्छा हुई। उसने पति प्रदीप से इस बात का जिक्र किया। पत्नी की इच्छा देखकर प्रदीप उसे लेकर साइकिल में मस्तूरी आ रहा था। दोनों मस्तूरी बस स्टैंड के पास पहुंचे। यहां से घर कुछ ही फर्लांग की दूरी पर था। दोपहर 2 बजे मेनरोड मंगल भवन के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक सीजी 04 जेसी-4024 ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में प्रदीप एक ओर जा गिरा, वहीं महिला सड़क की ओर गिरकर ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। इस दौरान ट्रक का पहिया उसके सिर से गुजर गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रदीप को भी साधारण चोंटें आई। घटनास्थल के करीब ही मस्तूरी पंचायत में जीतने वाले सरपंच का शपथ-ग्रहण समारोह चल रहा था। यहां काफी भीड़ थी। मौजूद लोगों को हादसे की जानकारी हुई तो उन्होंने चक्काजाम कर दिया।
इधर कुछ लोगों ने भाग रहे ट्रक का पीछा कर उसे रोका और थाने लेकर आए। जाम कर रहे आक्रोशित लोगों को पुलिस ने समझाइश देने की कोशिश की पर सफलता नहीं मिली। लोग मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। घंटेभर बाद तहसीलदार ने आकर 10 हजार रुपए दिए, तब जाम हटा। पुलिस ने शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर पोस्टमॉर्टम करवाया। प्रदीप की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक चालक अरुण कुमार सिंह बिहार 33वर्ष के खिलाफ धारा 304ए के तहत जुर्म दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक खाली था और चालक इसे लेकर कोयला भरने रायगढ़ के छाल जा रहा था।