(शहरभर में क्रिसमस की तैयारियां जोरों पर हैं। समाज के लोग घरों में रंग-रोगन और साफ-सफाई में जुटे हुए हैं। झांकी सजाने के िलए धार्मिक प्रतिमाएं भी सज गई हैं। )
बिलासपुर। शहर में 25 दिसंबर यानी क्रिसमस की तैयारियां जोरों पर हैं। क्रिश्चयन समाज के लोग घरों में रंग-रोगन और साफ-सफाई में जुटे हुए हैं। चर्च में विशेष आराधना के साथ कैरोल गीत गाए जा रहे हैं। रविवार को समाज ने धन्यवादी पर्व मनाया। 10 दिसंबर को डिसाइपल्स ऑफ ख्राईष्ट चर्च सिविल लाइंस में वायएमसीए द्वारा संचालित शिलाॅन्ग की अंतरराष्ट्रीय गायक मंडली आरोहा कैरोल गीत प्रस्तुत करेगी। इसके बाद 16 दिसंबर को सभी 42 चर्च मिल-जुलकर रैली निकालेंगे।
शहर में 35 प्रोटेस्टेंट तो सात कैथोलिक चर्च हैं। सेक्रेट हार्ट चर्च रेलवे और 27 खोली स्थित चर्च कैथोलिक समाज के लिए हैं। यहां इस बार विशेष प्रार्थना सभा होगी। कैरोल साॅन्ग, गेम्स और बाइबिल क्विज जैसे आयोजनों से त्योहार को मनोरंजन के रंगों से सराबोर किया जा रहा है। बाइबिल सोसाइटी बर्जेस स्कूल ग्राउंड में पहली बार क्रिसमस काॅर्निवाल आयोजित किया। इसमें शहर के प्रतिभावान गायकों ने कैरोल गीत स्पर्धा में भाग लिया। उधर महिला सभाओं में कैरोल सिंगिंग शुरू हो गई है। 25 दिसंबर को बड़े दिन पर क्रिसमस लंच का आयोजन किया गया है।
चर्च ऑफ ख्राईस्ट कुदुदंड की दो समितियां
चर्च ऑफ ख्राईस्ट कुदुदंड में दो समितियां हैं। दोनों अलग-अलग समय पर प्रार्थना सभा का आयोजन कर रही हैं। चर्च ऑफ ख्राईस्ट मिशन इन इंडिया और निर्वाचित प्राचीन समिति व समस्त बोनफाइड सदस्यों केे लिए चर्च में समय तय कर दिए गए हैं। सुबह की पाली में निर्वाचित प्राचीन समिति और समस्त बोनाफाइड सदस्य प्रार्थना सभा करते हैं। वहीं 10.30 बजे के बाद चर्च ऑफ ख्राईस्ट मिशन इन इंडिया से जुड़े लोगों का कार्यक्रम होना है।