पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जनता की सड़क पर शोरूम संचालक का कब्जा, सालों से चला रहे हैं सर्विसिंग यार्ड

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. सरकंडा में मौसाजी होंडा शोरूम के संचालक ने एजेंसी के पीछे की गली यानी दैहानपारा की आधी सड़क को सर्विसिंग यार्ड बना लिया है। हफ्ते के छह दिन सुबह से शाम यहां सैकड़ों गाड़ियां खड़ी रहती हैं। कर्मचारी इनकी सर्विसिंग करते हैं और इसके बाद इन्हें वाहन मालिकों को सौंपा जाता है। इसके कारण सालों से आस-पास की आबादी परेशान है।
उनका कहना है पूरे दिन यहां जाम का नजारा आम होता है। गाड़ियों के कारण नालियाें की भी सफाई नहीं होती। पास ही शासकीय उचित मूल्य की दुकान है। वहां तक वाहनों को आने-जाने में मशक्कत करनी पड़ती है। उन्होंने इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों से की है, लेकिन जिम्मेदार इसकी सुनवाई नहीं कर रहे हैं।

डीबी स्टार टीम को महीनों से इसकी शिकायत मिल रही थी। जनता का आरोप है कि शोरूम संचालक को कई बार वाहनों को व्यवस्थित करवाने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसके कारण लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हंै। होंडा शोरूम के जिम्मेदारों ने सड़क पर स्टाफ पार्किंग का बोर्ड लगवाया है। इसके कारण लोग गाड़ियां भी वहीं खड़ी करते हैं। शोरूम खुलते ही गाड़ियां खड़ी करने का सिलसिला शुरू हो जाता है। जैसे-जैसे वक्त गुजरता जाता है वाहनों की लाइन लंबी हो जाती है। कर्मचारी यहीं से उन गाड़ियों को भीतर ले जाते हैं। सर्विसिंग के बाद दोबारा वाहनों को सड़क पर खड़ा कर दिया जाता है।
दोपहर में ऐसा वक्त भी आता है जब सड़क पर आम जनता के आने-जाने की जगह नहीं होती। वे कर्मचारियों से गुजारिश करते हैं, पर कोई सुनने वाला नहीं होता। इसके चलते उन्हें सड़क बदलनी पड़ती है। सबसे बुरी स्थिति स्कूल के समय पर होती है। इस रोड के आस-पास आधा दर्जन स्कूल हैं, जिनमें सैकड़ों छात्र पढ़ाई करते हैं। वे साइकिल, रिक्शा और दूसरे साधनों से आते-जाते हंै। सड़क पर वाहन खड़े होने के कारण अक्सर जाम लग जाता है। इससे बच्चों को स्कूल पहुंचने में देर होती है और उन्हें टीचर्स की डांट खानी पड़ती है। इसी मार्ग में शासकीय उचित मूल्य की दो दुकानें हैं। यहां रोजाना पीडीएस का अनाज डंप होता है। ट्रकों के आने-जाने के लिए यही एकमात्र रास्ता है। शोरूम की गाड़ियों के कारण उन्हें भी आने-जाने में परेशानी होती है।
नालियों की सफाई प्रभावित, सड़क पर फैलती है गंदगी

शोरूमसंचालक ने अपनी सुविधाओं के लिए नालियों के ऊपर जालीयुक्त बैरिकेट लगवाया है। इसमें ही ग्राहकों को बाउंड्री के किनारे वाहन रखने की सुविधा दी गई है। इसके कारण नालियों की सफाई नहीं हो पाती। गंदा पानी सड़क पर पसरा होता है और बारिश के दिनों में यह लोगों के घरों में घुस जाता है। राहगीर इसी गंदगी से होकर आना-जाना करते हैं।

घरों के सामने शोरगुल, कर्मचारियों से रोजाना होता है विवाद

दैहानपारा और आस-पास रहने वाले लोग तंग सड़क में लग रहे जाम से दिन-भर परेशान रहते हैं। जाम लगने पर लोग हार्न का दोगुना इस्तेमाल करते हैं। इसके कारण ध्वनि प्रदूषण होता है। इससे बच्चों की पढ़ाई और बड़ों की नींद हराम हो जाती है। नागरिकों का आरोप है कि वे कर्मचारियों से राहत की उम्मीद लेकर इस अव्यवस्था को दूर करने की बात कहते हैं, लेकिन वे इसे अनसुना कर देते हैं। इससे कई बार विवाद की नौबत जाती है।

पहले भी शिकायत मिल चुकी है

पब्लिक की सड़क का व्यवसायिक इस्तेमाल गलत है। ऐसा कोई नहीं कर सकता। दैहानपारा में मौसाजी होंडा संचालक ऐसा करना है तो यह गंभीर बात है। पहले भी रहवासियों से इसकी मिल चुकी है। मैं आज निगम के अमले को भेजकर इसे दिखवाती हूं। शिकायत सही मिली तो कार्रवाई होगी। -रानू साहू, अायुक्त, नगर निगम
सीधी बात : सचिन पांडेय, मैनेजरमौसाजी होंडा शोरूम, सरकंडा

- दैहानपारा की सड़क पर सालों से शो रूम का कब्जा है, इससे जनता को आने-जाने में दिक्कत होती है, इस अव्यवस्था को ठीक क्यों नहीं किया जा रहा है?
दरअसल,हमारे पास खुद का सर्विसिंग यार्ड नहीं है, इसलिए इसका इस्तेमाल कर रहे हैं।

- आपके पास जगह नहीं है तो जनता क्यों परेशानी उठाए, जाम से हलाकान हो?
अभी सीजन चल रहा है। गाड़ियां आ-जा रही हैं। थोड़ी तो परेशानी होगी।
- आप इसे दुरुस्त करवाइए, यह तो आपकी नैतिक जिम्मेदारी है कि जनता को इससे कोई परेशानी हो, यह अव्यवस्था कब तक ठीक होगी?
हमने सर्विसिंग यार्ड ले लिया है। बस एक माह की बात है। फिर सर्विसिंग सेंटर का काम वहीं होगा।

घर के सामने वाहन रखकर चले जाते हैं

घर के सामने रोजाना दर्जनों वाहनों का घेरा लगा होता है। निकलने की जगह नहीं बचती। कर्मचारियों से इसे ठीक करने के लिए कहने पर विवाद होता है। समझ नहीं रहा कि इसकी शिकायत कहां करें। अफसरों ने रसूखदारों को मनमानी की छूट दे रखी है। दुर्गेश साहू, रहवासी

स्कूल, कॉलेज के छात्रों को होती है परेशानी

यहां से गुजरने वाले स्कूल और कॉलेज के छात्र परेशान हैं। देरी के कारण उन्हें टीचर्स की डांट सहनी पड़ती है। हमने दर्जनों बार नगर निगम आयुक्त और दूसरे अफसरों को इसकी सूचना दी है, लेकिन कोई इसकी सुध नहीं ले रहा है। इस अव्यवस्था को ठीक करने के बाद नागरिकों को राहत मिल सकती है।- अनूप बेहुरा, रहवासी

जाम के कारण दुर्घटनाएं हो चुकी हैं

सड़क पर अघोषित कब्जे के कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। जिम्मेदार जांच या कार्रवाई के बजाय इस ओर आना तक पसंद नहीं कर रहे हैं। नालियां जाम हैं और सोसायटी में आने वाली सरकारी गाड़ियां रोज यहां फंसती हैं। इसके बाद भी अधिकारियों को शर्म नहीं है।- सतीश वर्मा, रहवासी