पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

राज्य सरकार निकाय चुनाव से पहले शहर में 42 करोड़ के काम कराएगी

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बिलासपुर. विधानसभा चुनाव की तर्ज पर नगरीय निकाय चुनाव में फतह के लिए भाजपा सरकार ने कामकाजी छवि दिखाने का बीड़ा उठा लिया है। इधर, निगम प्रशासन के स्तर पर वार्डों में निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया चल पड़ी है। शासन के निर्देश पर पिछले महीने निगम की ओर से बुनियादी सुविधाओं से जुड़े 22 करोड़ रुपए के कार्यों का इस्टीमेट भेजा गया था, जिसे मंजूरी मिल गई है। कुछ दिनों के भीतर इसके टेंडर करवाए जाएंगे। कुल मिलाकर नगरीय निकाय चुनाव से पहले नगर निगम सीमा के भीतर 42 करोड़ रुपए के काम होने हैं।

निगम द्वारा दूसरी किश्त में सड़क, नाली, काॅन्क्रीटीकरण और सौंदर्यीकरण के कार्यों के लिए 20 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसकी स्वीकृति जल्द मिलने का अनुमान है। जाहिर है कि दिसंबर में होने वाले निगम चुनाव के लिए आचार संहिता लागू होने से पहले शहर में 42 करोड़ के काम होंगे। जनता की बुनियादी जरूरतों के अलावा सौंदर्यीकरण के जरिए शहर की सूरत बदलने और वोटरों का मन बदलने की कोशिश भी होगी। शासन से मंजूर सभी प्रस्तावों पर काम शुरू करवाने के लिए टेंडर की प्रक्रिया पखवाड़ेभर के भीतर पूरी करने पर जोर दिया गया है।
अनुमान है कि निगम चुनाव के लिए आचार संहिता 4-5 नवंबर के आस-पास लागू हो जा सकती है। इससे पहले ही वार्डों में निर्माण के कार्य शुरू होते नजर आएंगे।

कमिश्नर की साइट विजिट जारी, किला बनाने को हफ्तेभर की मोहलत

नगर निगम कमिश्नर रानू साहू शहर में चल रहे निगम के विकास कार्यों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। पिछले दिनों उन्होंने महाराणा प्रताप चौक के किनारे चल रहे किले के निर्माण का जायजा लिया। काॅन्ट्रैक्टर को उन्होंने हफ्तेभर के अंदर काम पूरा करने कहा है। इसके बाद महाराणा की प्रतिमा किनारे शिफ्ट की जाएगी। इसी तरह नेहरू चौक के किनारे जज बंगले से जुड़े नाले को स्लैब से ढांकने के निर्देश दिए। कलेक्टोरेट रोड के किनारे की गई लैंड स्केपिंग की बदइंतजामियां दूर कर सफाई करवाई जाएगी। महाराणा चौक से नेहरू चौक तक सड़क चौड़ीकरण का काम भी जल्द शुरू हो सकता है।