बिलासपुर. स्टेट बार कौंसिल चुनाव में प्रत्याशी रहे वकीलों के बीच मतगणना को लेकर हुए विवाद में मारपीट की नौबत आ गई। सोमवार को वकीलों के दो पक्षों ने एक-दूसरे पर जूते-चप्पल भी चलाए। एक वकील ने कौंसिल की ओएसडी से गालीगलौज कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद कौंसिल चुनाव की मतगणना पर 6 अक्टूबर तक रोक लगा दी गई है। 7 अक्टूबर को मतों की गिनती दोबारा शुरू की जाएगी। इधर, ओएसडी और दूसरे पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
सोमवार को यह विवाद चरम पर जा पहुंचा। सुबह करीब 10.30 बजे मतों की गिनती शुरू होते ही झगड़े की नौबत आ गई। एक प्रत्याशी वकील ने दूसरे प्रत्याशी का गला पकड़ लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे वकील से गाली-गलौज होने पर मारपीट की स्थिति बन गई। इस बीच कुछ वकीलों ने मतगणना रोकने की मांग की। इसका विरोध कर रहे वकीलों ने कहा कि अधिसूचना जारी होने के बाद प्रक्रिया नहीं रोकी जा सकती। विरोध करने वाले चुनाव याचिका दाखिल कर सकते हैं।
बार कौंसिल के 25 सदस्यों के लिए 14 अगस्त को चुनाव हुए थे। इसके लिए प्रदेश में 73 स्थानों पर बूथ बने थे। चुनाव में 106 वकीलों ने भाग्य आजमाया। 3 सितंबर से मतगणना शुरू हुई। इसकी शुरुआत से ही विवाद की स्थिति बनने लगी।
किश्तों में होता रहा झगड़ा, थाने तक पहुंचा मामला
कौंसिल की ओएसडी मल्लिका बल द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के मुताबिक, वकील भूपेंद्र सिंह और अवध त्रिपाठी के बीच विवाद की शुरुआत हुई। इसके बाद अब्दुल वहाब खान, डॉ. शैलेष आहूजा, संजय शर्मा, राजीव पाण्डेय, भुवनेश्वर सिन्हा, रजनीश सिंह, बीपी सिंह, अजीत कुमार सिंह, चंद्रप्रकाश जांगड़े, लीलाधर चंद्रा, भरतलाल सोनबरसा के बीच भी मतगणना को लेकर विवाद की स्थिति बनी। इस बीच वकील अभिषेक पाण्डेय ने ओएसडी से गाली-गलौज करने के साथ ही मार-पीट का प्रयास किया।
लॉयर्स यूनियन ने की मतगणना शुरू करने की मांग
आॅल इंडिया लॉयर्स यूनियन ने मतगणना शुरू करने की मांग की है। यूनियन ने मतगणना के दौरान प्रत्याशियों में हुए विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निंदा करते हुए कहा है कि पिछले चुनाव में जीते ऐसे प्रत्याशी जिन्हें हार की आशंका है, वे ही झूठे और निराधार आरोप लगाकर मतगणना रुकवाने के लिए षड़यंत्र कर रहे हैं। मतगणना शुरू करवाने की मांग करने वालों में यूनियन के अध्यक्ष एचएन श्रीवास्तव, सचिव शौकत अली, रजनीश बघेल, संजय पराते, सीपी शुक्ला, अशोक सिन्हा, सीएस बैस समेत कई वकील शामिल हैं।
मतों से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया
प्रत्याशी वकीलों ने मतों से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत की है। साथ ही विशेष समिति के अध्यक्ष और मुख्य चुनाव अधिकारी महाधिवक्ता जेके गिल्डा से मतों की गिनती रोकने का आग्रह किया। महाधिवक्ता की दखल के बाद मतों की गिनती का काम सोमवार को रोक दिया गया। डाॅ. शैलेष आहूजा, अभिषेक पाण्डेय, अरुण कोचर समेत अन्य वकीलों ने मतों से छेड़छाड़ करने के आरोपियों पर आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471/34 के तहत मामला दर्ज करने की मांग की है। उनकी मांग है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच होनी चाहिए।