बिलासपुर. बेंच कोटे से नियुक्त दो नए जजों ने सोमवार को शपथ ली। चीफ जस्टिस के कोर्ट हॉल में हुए समारोह के दौरान दोनों ने जज बनने में परिजनों और गुरु के योगदान को याद करते हुए जिम्मेदारी पूरी करने का भरोसा दिलाया। ओवेशन के बाद नवनियुक्त जजों ने डिवीजन बेंच में सुनवाई शुरू की। सोमवार को हाईकोर्ट में हुए समारोह में जस्टिस इंदर सिंह उबोवेजा और जस्टिस चंद्रभूषण वाजपेयी ने शपथ ली। चीफ जस्टिस यतींद्र सिंह के कोर्ट हॉल में हुए समारोह में जस्टिस उबोवेजा ने कहा कि उन्हें जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे पूरा करने की कोशिश करेंगे।
उन्होंने नियुक्ति के लिए कॉलेजियम का आभार जताते हुए चीफ जस्टिस सहित वरिष्ठ जजों और वकीलों से सहयोग मांगा। जस्टिस चंद्र भूषण वाजपेयी ने कहा कि माता-पिता और गुरु के आशीर्वाद से वे यहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने ख्रासतौर पर अपने गुरु बीएमके वाजपेयी का आभार जताते हुए कहा कि वे पूरी ईमानदारी और मेहनत से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
समारोह की शुरुआत में रजिस्ट्रार जनरल अशोक पण्डा ने दोनों जजों का जीवन परिचय पढ़ा। समारोह को महाधिवक्ता जेके गिल्डा, हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विवेक रंजन तिवारी, स्टेट बार कौंसिल की ओर से अधिवक्ता मलय भादुड़ी और एडिशनल सालिसिटर जनरल फौजिया मिर्जा ने भी संबोधित किया। इस दौरान नवनियुक्त जजों के परिजन, वकील सहित अन्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।