बिलासपुर। नेहरू चौक के जिला सहकारी बैंक परिसर में कार पार्किंग के विवाद पर गार्ड व 27 खोली के युवकों के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने सिविल लाइन थाने में एक-दूसरे के खिलाफ मार-पीट करने और धमकाने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई करने के लिए बैंक मैनेजर से क्लोज सर्किट कैमरे की फुटेज मांगी है।
27 खोली, विकास नगर निवासी देवी सिंह व अजय सिंह मंगलवार की दोपहर कार से नेहरू चौक स्थित सहकारी बैंक पहुंचे थे। कार खड़ी कर भीतर जाने वाले थे, इसी बीच बाहर खड़े गार्ड जगदीश द्विवेदी ने उनसे अपनी कार ठीक से पार्क करने के लिए कहा। युवक इससे नाराज हो गए। दोनों के बीच कहा-सुनी होने लगी। इसी बीच युवकों ने अपने कुछ साथियों को भी बुलाया। इधर, बैंक में तैनात अन्य गार्ड भी वहां एकत्रित हो गए। दोनों पक्षों में विवाद होने लगा।
हंगामे की सूचना मिली तो सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद हंगामा शांत हुआ। दोनों पक्षों ने सिविल लाइन थाने में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। युवकों ने गार्ड पर बंदूक तानकर धमकाने का आरोप लगाया है। इधर, गार्ड का कहना है कि वह आॅन ड्यूटी था और बंदूक अपने कंधे रखी थी। युवकों ने उसके साथ झूमाझटकी व मार-पीट की है।