(युवकों से बरामद पिस्टल और छह कट्टे। )
बिलासपुर। पुलिस की स्पेशल टीम ने हथियार बेचने वाले दो युवकों से सौदा किया और उन्हें दीनदयाल गार्डन बुलाया। दोनों युवक थैले में छह कट्टे और एक देसी पिस्टल लेकर पहुंच गए। ताक में बैठी पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनसे दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं। इनमें से एक आरोपी बिहार का रहने वाला है, तो दूसरा मोहरा गांव में ईंट भट्ठा चलाता है।
नगरीय निकाय चुनाव के लिए आईजी पवन देव ने सघन जांच, माइनर व स्पेशल एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दे रखे हैं। इसके तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस की स्पेशल टीम सूचनाएं एकत्र करने में जुटी थी। इसी दौरान पता चला कि तोरवा देवरीडीह का विवेक पाण्डेय और उसका साथी राजकिशोर नगर निवासी शंकर श्रीवास्तव उर्फ शिब्बू हथियारों का सौदा करते हैं। पुलिस ने ग्राहक बनकर उनसे सौदा किया। दोनों उनके झांसे में आ गए अौर हथियार लेकर दीनदयाल गार्डन के पास पहुंचे।
पुलिस जवान पहले से अलर्ट थी। घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। विवेक के बैग से चार कट्टे और एक 315 बोर का कारतूस बरामद किया गया। इसी तरह शंकर के पास दो कट्टे, एक आॅटोमैटिक पिस्टल व एक कारतूस जब्त किया। दोनों को तारबाहर थाने लाया गया। इनके खिलाफ धारा 24, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
आगे की स्लाइड में पढ़ें चेक करने के लिए हवाई फायर किए थे