(फोटो- गैंग से जब्त गाड़ियां एक साथ रखी गईं तो लगा जैसे वाहनों का स्टैंड हो)
बिलासपुर। पुलिस ने चार पहिया वाहनों की चोरी करने वाले उत्तरप्रदेश के चोर गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह से पांच ट्रक, छह बोलेरो सहित 16 गाड़ियां बरामद की गई हैं। मुखिया अन्य सदस्यों के साथ गाड़ियां चुराता और स्थानीय आरटीआे कर्मी से मिलकर फर्जी कागजात तैयार करवाकर बेच देता। पुलिस ने गैंग के 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मिलीभगत करने वाला आरटीओ एजेंट और चेसिस पर नंबर पंच करने वाला भी पकड़ा गया।
पुलिस की स्पेशल टीम को तारबाहर थाने के करीब केजीएन होटल में उत्तरप्रदेश के कुछ संदिग्धों के ठहरे होने की सूचना मिली। टीम ने होटल में जाकर उनसे पूछताछ की। उत्तरप्रदेश के युवक यहां अलग-अलग कमरे में ठहरे हुए थे। इनमें अशरफ अली (23 वर्ष) उत्तरप्रदेश ताजपुर नगासा, जफर अहमद (25 वर्ष) उत्तरप्रदेश मांडली समसपुर थाना साजन गली जिला अमरोहा, मोहम्मद साउल (26 वर्ष) उत्तरप्रदेश ताजपुर नगासा जिला सम्बल, वारिश अली उर्फ असलम (40 वर्ष) सम्बल शामिल थे। पहले तो वे खुद को व्यवसायी बताने की कोशिश करते रहे, लेकिन पुलिस के सवालों से हड़बड़ा गए। पुलिस को संदेह हुआ तो कड़ाई बरती गई। इससे युवक टूट गए। सभी युवक चोर गिरोह के सदस्य थे। उत्तरप्रदेश सहित दिल्ली, राजस्थान व अन्य स्थानों से बड़ी गाड़ियां चुराकर वे छत्तीसगढ़ में खपाते थे। इसके लिए गिरोह ने बिलासपुर व जांजगीर जिले काे चुना था। स्थानीय आरटीओ से इनकी गाड़ियों के फर्जी कागजात भी तैयार हो जाते थे। करीब ढाई साल से यह गिरोह दोनों जिलों में सक्रिय था। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर चोरी की 16 गाड़ियां बरामद की।
सरगना के खिलाफ चोरी के 42 मामले
एसपी बीएन मीणा ने प्रेस काॅन्फ्रेंस में वारिश खान को गैंग का सरगना बताया। उस पर उत्तरप्रदेश में गाड़ी चोरी के 42 मामले दर्ज हैं। इधर, आरटीओ कर्मी च्वाॅइस नंबरों के लिए छोड़ी गई जगहों पर चोरी की गाड़ियों का चेचिस नंबर, इंजन नंबर, फर्जी वाहन मालिक का नाम, पता एंट्री कर देता था। कुछ दिन बाद उस गाड़ी के नाम से डुप्लीकेट आरसी बुक निकाल ली जाती। कागजात बनने के बाद गाड़ियों को अच्छी कीमत पर बेचा जाता था। विजय भार्गव से उत्तरप्रदेश के रामपुर जिले से चोरी किया गया ट्रक क्रमांक यूपी-22 टी 5017 जब्त किया गया। उसने अकलतरा, पोंड़ी दलहा, बलौदा, धनिया सीपत और बिलासपुर में छह गाड़ियां बेची थी। इधर, सक्ती के आरटीओ एजेंट जीतेश के माध्यम से रायगढ़, खरसिया व कोरबा में गाड़ियां बेची गई थी। इन सभी को जब्त कर लिया गया है। उसके पास चोरी की बोलेरो मिली। इस तरह सभी आरोपियों से 16 वाहन बरामद हुए।
पुलिस की स्पेशल टीम की कार्रवाई, होटल से पकड़े गए
चेचिस नंबरों में छेड़छाड़
जब्त किए गए वाहनों के चेसिस नंबरों में पंच कर छेड़छाड़ की गई थी। तालापारा के शेख अलाउद्दीन (46 वर्ष) से नंबर बदलवाने की कोशिश की गई थी। पुलिस ने अलाउद्दीन से पंच करने का सामान जब्त किया है। गैंग के आरटीओ एजेंट विजय भार्गव सीपत व जीतेश अग्रवाल सक्ती को भी गिरफ्तार किया। दोनों मिलकर फर्जी कागजात तैयार कर इन्हें देते थे।