बिलासपुर। श्रीकांत वर्मा मार्ग पर तेज रफ्तार पिकअप अधेड़ महिला के ऊपर पलट गई। हादसा हुआ तब महिला मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। एकाएक पिकअप अनियंत्रित होने से वह संभल नहीं सकी। महिला को गंभीर हालत में अपोलो अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
निप्र काॅलोनी निवासी धर्मशीला पति विजय शंकर सिंह 41 वर्ष रोज की तरह सोमवार की सुबह भी घर से मॉर्निंग वॉक पर निकली थी। करीब 6.30 बजे वह श्रीकांत वर्मा मार्ग पर टहल रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप सीजी 10 सी-7220 पहुंची और महिला के ऊपर पलट गई। महिला गाड़ी के नीचे दब गई और उसके सिर व शरीर के अन्य हिस्से में चोटें आई। वहां से गुजर रहे लोगों ने संजीवनी एंबुलेंस बुलवाकर महिला को सिम्स भेजा। सिम्स के डॉक्टरों ने महिला के पास से मिले
मोबाइल से नंबर देखकर उनके परिजनों को सूचना दी। परिजन वहां पहुंचे और महिला को अपोलो अस्पताल ले गए।
डाॅक्टरों के अनुसार नस से बहा खून पेट में जम गया है। इधर, घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया था। यह प्रतीक कैटरर्स की गाड़ी है। इसमें मिले कागजात में गाड़ी मालिक का नाम सुरेंदर सिंह दुआ दर्ज है। परिजनों ने तारबाहर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने चालक के खिलाफ धारा 279, 337 के तहत जुर्म दर्ज पिकअप को जब्त कर लिया है।
रोज बिटिया को साथ ले जाती थी
महिला रोज अपनी बेटी के साथ माॅर्निंग वॉक पर जाती थी। सोमवार को मौसम ठीक नहीं होने के कारण वह अकेले ही चली गई। बेटी साथ होती तो हो सकता है कि शायद वह भी पिकअप की चपेट में आ जाती।