- Hindi News
- मंदिर में फिर चोरी, इस बार चोर घंटी के साथ सरिया और लोहे के दरवाजे भी ले गए
मंदिर में फिर चोरी, इस बार चोर घंटी के साथ सरिया और लोहे के दरवाजे भी ले गए
छावनीइलाके में सप्ताहभर में दूसरी बार मंदिर में चोरी हो गई। इस बार चाेरों ने अपना टारगेट आजाद चौक के हनुमान मंदिर को बनाया। जहां से चांदी की शिवलिंग, घंटी, थाली, दान पेटी से कैश और मंदिर के निर्माण में लगने वाला तीन क्विंटल सरिया और लोहे का दरवाजा गायब कर दिए। अब तक यह पहला मामला है कि मंदिर से जेवर और नगद रुपए के अलावा कोई निर्माण में लगने वाला सामान पार हुआ हो। इस चोरी से पुलिस की नींद उड़ गई है, क्योंकि सप्ताहभर पहले ही बैकुंठधाम के मंदिर में चोरी हुई थी। जिसे पुलिस ने सुलझाया नहीं और ये एक चोरी हो गई। मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि घटना रात दस बजे से सुबह छह बजे के पहले की है। पुजारी सुरेंद्र तिवारी मंगलवार को सुबह छह बजे मंदिर पहुंचे। वहां का मेनगेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने के बाद दरवाजा भी टूटा हुआ और सामान बिखरा हुआ मिला। तत्काल उन्होंने मंदिर समिति के अध्यक्ष राजकुमार साव को इसकी जानकारी दी। मंदिर परिसर में भीड़ इकट्ठा हो गई और उन्होंने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मंदिर से तकरीबन एक लाख रुपए के सामान पार हुए।
पुलिस ने कहा ये हमारा इलाका नहीं
मंदिरसमिति के सदस्यों ने चोरी की सूचना सबसे पहले वैशाली नगर इलाके की पुलिस को दी। पुलिस ने रिपोर्ट लिखने से मना कर दिया क्योंकि वह उनका इलाका नहीं आता। समिति के सदस्य तब छावनी थाना पहुंचे। जहां उन्हें यही जवाब मिला। जैसे-तैसे थाने में मामला दर्ज हुआ। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में अब तक कोई प्रोग्रेस नहीं हुआ है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर जांच में लगी हुई है।
आजाद चौक के मंदिर में चोरी, टूटी हुई दान पेटी।
एक से अधिक थे चोर : पुलिसका मानना है कि वारदात को एक से अधिक लोगाें ने अंजाम दिया है। 3 क्विंटल सरिया और लोहे का दरवाजा ले जाने के लिए उन्होंने चार पहिया वाहन का उपयोग किया होगा। मंदिर के छत में एक सीढ़ी लगी हुई मिली थी। वहीं मंदिर के पीछे में रामनगर मुक्तिधाम है, जहां एक गमछा मिला है। मंदिर के आसपास रहने वाले लोगों को रात के बारे में कोई जानकारी नहीं है। रात 11 बजे तक मंदिर के आसपास लोगों का आना-जाना लगा रहता है।