भिलाई। उच्च शिक्षा मंत्री प्रेमप्रकाश पांडेय ने बीएसपी प्रबंधन से भिलाई में प्रस्तावित आईआईटी के लिए जमीन उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने कहा। बुधवार को बीएसपी के सीईअो एस. चंद्रसेकरन और पांडेय के बीच इस विषय पर बातचीत हुई। महिला स्वावलंबी केंद्र के लिए सेक्टर-6 में खाली स्कूल भवन देने के संबंंध में भी चर्चा हुई।
पांडेय बुधवार को विश्वकर्मा जयंती के मौके पर संयंत्र के विभिन्न शॉप्स में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस दौरान संयंत्र के सीईओ से शहर के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। नेवई में भिलाई इस्पात संयंत्र प्रबंधन के आधिपत्य की करीब ढाई सौ एकड़ जमीन छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय के लिए आरक्षित रखी गई है।
पांडेय ने इसी का आधा हिस्सा आईआईटी के लिए उपलब्ध कराने कहा। उन्होंने कहा कि सेल कार्पोरेट आफिस से जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करें। पांडेय ने सेक्टर-6 में महिला स्वावलंबी केंद्र खोलने की योजना की भी जानकारी दी। यहां महिलाओं को रोजगारोन्मुखी ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए खाली स्कूल भवन की मांग पांडेय ने की। इसके पूर्व पांडेय संयंत्र के विभिन्न शॉप्स में विश्वकर्मा जयंती समारोह में शामिल हुए। पावर प्लांट-1 में संयंत्र के प्रतिनिधि यूनियन सीटू के अध्यक्ष एसपी डे और महासचिव डीवीएस रेड्डी ने बीएसपी कर्मचारियों की ओर से पांडेय की अगवानी की। वे बीबीएम, रेल मिल, वायर राड मिल, मर्चेंट मिल, आरसीएल, पीपी-1, पंप हाउस-2 और ब्लास्ट फर्नेस-7 गए।
साथियों से मिलकर अभिभूत हो गए
25साल पहले बीएसपी के वाटर सप्लाई विभाग के जिस जगह पर पांडेय काम करते थे, बुधवार को वहां गए। अपना कार्यस्थल देखकर और पुराने कर्मचारी साथियों से वहां मिलकर वे अभिभूत हो गए। कुछ देर रुककर यशवंत सिंह और अन्य कर्मचारियों के साथ पुराने दिनों को याद भी किए। अपनी सेवाकाल से जुड़े कई यादों और अनुभवों को मौजूद लोगों से शेयर भी किए।
(बीएसपी के सीईओ एस चंद्रशेखरन से चर्चा करते मंत्री पांडेय।)