भाजपा में ज्यादा गुटबाजी : जोगी
दुर्ग|नगरीय निकायचुनाव में कांग्रेस को बड़ी सफलता मिलेगी। क्योंकि माहौल पार्टी के पक्ष में है। मतदाता नगरीय निकायों में भाजपा के कामकाज से नाराज है। लिहाजा इस चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान होगा। और ज्यादातर निकायों में पार्टी की सरकार बनेगी।
यह दावा पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने रविवार को प्रेस से चर्चा के दौरान किया। वे पूर्व नेता प्रतिपक्ष रविंद्र चौबे द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए साजा जाने के पूर्व कुछ समय के लिए भिलाई निवास में ठहरे थे। इस दौरान मीडिया कर्मियों के साथ चर्चा में उन्होंने कहा कि प्रदेश में सभी निकायों के लिए पार्टी प्रत्याशी घोषित किए जा चुके हैं। वे खुद भी चुनाव समिति के सदस्य हैं इसलिए उन्हें अच्छी तरह मालूम है कि योग्य लोगों को प्रत्याशी बनाया गया है।
जोगी का कहना है कि कांग्रेस एक बड़ी पार्टी है, इसलिए गुटबाजी स्वाभाविक है। लेकिन चुनाव में सभी एक होकर पार्टी के लिए काम करते हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस से ज्यादा गुटबाजी तो भाजपा में हैं। दुर्ग जिले में यह पार्टी प्रेमप्रकाश पांडेय सरोज पांडेय, बिलासपुर में अमर अग्रवाल धरमलाल कौशिक के बीच बंटी है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष के क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के टाइमिंग को लेकर उठ रहे सवालों पर उनका कहना है कि कार्यक्रम-बैठकें तो इन्हीं सीजनों में आयोजित किए जाते हैं, बारिश में नहीं। किसानों के हित में कांग्रेस बस्तर से लेकर सरगुजा तक लड़ेगी।
उखड़े-उखड़े नजर आए जोगी
मीडियाफ्रेंडली माने जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का मूड आज कुछ उखड़ा-उखड़ा था। उनके समर्थकों ने जब उन्हें जब सूचना दी कि मीडिया वाले आए हैं, बातचीत करना चाहते हैं, तो उन्होंने कहा कि अब क्या बात करेंगे। टिकट-विकट सब तो बंट चुका है। हालांकि बाद में चलते-चलते उन्होंने मीडिया कर्मियों से बातचीत की लेकिन तब भी वे असहज नही नजर आए।