- Hindi News
- हाउस लीज आंदोलनकारी तैयार कर रहे ड्राफ्ट
हाउस लीज आंदोलनकारी तैयार कर रहे ड्राफ्ट
हाउसलीज के आंदोलनकारी अपनी मांग को लेकर ड्राफ्ट तैयार कर रहे हैं। जिसमें मकान लीज पर देने से प्रबंधन को होने वाले फायदे की जानकारी दी जाएगी। ड्राफ्ट तैयार होने पर आंदोलनकारियों का प्रतिनिधिमंडल दिल्ली जाएगा। जहां केंद्रीय इस्पात मंत्री को ड्राफ्ट सौंपा जाएगा।
रविवार की बैठक में हाउस लीज आंदोलनकारियों की दो दिन पूर्व हुई कार्यशाला में जिन बिन्दुओं पर चर्चा हुई, उसकी जानकारी दी गई। कार्यशाला सुबह 11 से शाम साढ़े पांच बजे तक चली। जिसमें हाउस लीज के लागू होने से कंपनी शहर को होने वाले फायदे पर मंथन किया गया। इस दौरान यह बात सामने आई कि प्रबंधन द्वारा मकानों को लीज पर देने से उसे करीब 500 करोड़ मिलेंगे। वहीं टाउनशिप के मकानों के मेंटेनेंस पर होने वाले खर्च की भी बचत होगी। साथ ही राज्य सरकार को प्रॉपर्टी टैक्स के रूप में राजस्व में वृद्धि होगी। हाउस लीज के लागू होने से कई फायदे होंगे।
बैठक में हाउस लीज (छठा चरण) संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेंद्र परगनिहा, महासचिव श्यामलाल साहू सहित रमेश अवस्थी, पूनाराम जायसवाल, विजय मिश्रा, पीसी शर्मा, जेएस झार्या, बीपी राजपूत, शारदा रामटेके, पीआर वर्मा आदि बड़ी संख्या में मौजूद थे।
14 को निकलेगी पदयात्रा
हाउसलीज के आंदोलन को जन-आंदोलन का रूप देने पर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि इसके लिए पदयात्रा निकाली जाएगी। इसकी शुरुआत सेक्टर 10 से होगी। 14 फरवरी को शाम 4 बजे आंदोलनकारी काफी हाउस में एकत्रित होंगे। यहां से सेक्टर 10 के सभी मार्गों से पदयात्रा कर लोगों को हाउस लीज के महत्व की जानकारी देंगे।