अब ईवीएम में लगेगी प्रत्याशी की फोटो
भिलाई|डेढ़ दशकसे अपनी मारुति वैन से चुनाव सुधार का संदेश और जनजागरुकता मुहिम चलाने वाले शहर के डॉ. रमाकांत दानी की मांग के अनुरूप चुनाव आयोग ने एक अहम फैसला लेते हुए इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में प्रत्याशियों की तस्वीर लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। डॉ. दानी का कहना है कि ईवीएम में प्रत्याशी की तस्वीर लगाने की व्यवस्था भी चुनाव चिह्न खत्म करने की दिशा में पहला कदम है। राष्ट्रीय चुनाव प्रक्रिया सुधार संगठन (नेप्रो) छत्तीसगढ़ के समन्वयक डॉ. रमाकांत दानी ने बताया कि उन्होंने निर्वाचन आयोग से जुड़े देश प्रदेश के सभी जिम्मेदार लोगों को इस संदर्भ में ज्ञापन सौंप कर चर्चा की थी। नई दिल्ली निवासी आकाश गहलोत ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की थी। जिस पर सुनवाई करते हुए इस साल 26 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट में तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश आरएम लोढ़ा की अध्यक्षता वाली पीठ ने दस हफ्ते के अंदर चुनाव आयोग से जवाब देने को कहा था। 10 सितंबर को केंद्रीय चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों की तस्वीर के साथ ईवीएम डिजाइन करने विशेषज्ञों की समिति गठित की है। इस तरह की नई ईवीएम मशीन इस साल के आखिर में होने वाले झारखंड और जम्मू कश्मीर के विधानसभा चुनाव में इस्तेमाल होगी।
डॉ. दानी का कहना है कि चुनावी रणनीति के तहत वोटों को प्रभावित करने एक से नाम, धर्म या समुदाय वाले कई-कई उम्मीदवार खड़े किए जाते हैं। हाल के छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में महासमुंद के चंदूलाल साहू का मामला तो राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित हुआ था। वहीं स्थानीय स्तर पर भी हर चुनाव में ऐसे षडयंत्र चलते रहते हैं।