बीएसपी: ब्लॉस्ट फर्नेस 2 में गिरा ठेकाकर्मी
भिलाई स्टील प्लांट में सेफ्टी में लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई। इसमें सीधेतौर पर डीजीएम स्तर के अधिकारी दोषी बताए जा रहे हैं। ताजा मामला शनिवार दोपहर का है। ब्लास्ट फर्नेस-2 में शीट बदलने का कार्य कर रहे ठेकाकर्मी सालिग राम लगभग 30 फीट से अधिक ऊंचाई से नीचे गिर गया। सुरक्षा के उपकरणों का पालन करने की वजह से वह सुरक्षित है। लेकिन जिस स्ट्रक्चर पर खड़े होकर वह काम कर रहा था, उसको जर्जर बताया गया है। इस स्ट्रक्चर को डीजीएम स्तर के अधिकारी चेक करते हैं। सेफ्टी के मानक को अपनाने के बाद ही किसी कर्मी को उसपर जाने की इजाजत दी जाती है। बीएसपी कर्मियों का कहना है कमजोर स्ट्रक्चर की जानकारी अफसर की ओर से नहीं देने की वजह से वह नीचे गिरा।